Rain In Delhi: कुछ घंटों की बारिश और पानी-पानी हुई दिल्ली
नई दिल्ली, 28 जुलाई - देश के सबसे सुरक्षित और व्यवस्थित प्रशासनिक क्षेत्र नई दिल्ली में भी बारिश ने व्यवस्था की परीक्षा ले ली। गोल मार्केट, शाहजहां रोड, कृष्णा मेनन मार्ग, जनपथ, कनॉट प्लेस, लोधी कॉलोनी, सरोजिनी नगर, कस्तूरबा गांधी मार्ग, केजी मार्ग, साउथ एवेन्यू, बंगाली मार्केट, आईएनए और गोल्फ लिंक सहित कई प्रमुख स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई।
कुछ घंटों की मूसलाधार बारिश ने मंगलवार को राजधानी की तैयारियों की हकीकत सामने ला दी। देश का सबसे अति विशिष्ट प्रशासनिक इलाके नई दिल्ली में भी सड़कें पानी में डूब गईं। वहीं दूसरी ओर एमसीडी क्षेत्र के दर्जनों इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने और जलनिकासी ठप होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात ऐसे रहे कि वीवीआईपी इलाकों से लेकर बाहरी दिल्ली तक बारिश के आगे सरकारी दावे बहते नजर आए।
एनडीएमसी के नियंत्रण कक्ष में मंगलवार को जलभराव, पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की कुल 38 शिकायतें दर्ज हुईं। इनमें 19 जलभराव, छह पेड़ गिरने और 13 स्थानों पर बिजली गुल होने की शिकायतें शामिल थीं। उधर, एमसीडी के केंद्रीय नियंत्रण कक्ष में दोपहर दो बजे से शाम छह बजे के बीच 35 से अधिक जलभराव और पेड़ गिरने की शिकायतें दर्ज की गईं। दोनों एजेंसियों के आंकड़े मिलाकर देखा जाए तो राजधानी में कुछ ही घंटों के भीतर 70 से अधिक शिकायतें सामने आईं।

