संसद के मानसून सत्र का आज 12वां दिन
नई दिल्ली, 4 अगस्त- संसद के मानसून सत्र का आज 12वां दिन है। 31 जुलाई से संसद के दोनों सदनों में राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे को लेकर लगातार हंगामा जारी है।
सोमवार को लोकसभा ने बिना चर्चा के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों की संख्या 34 से बढ़ाकर 38 करने संबंधी विधेयक पारित कर दिया। वहीं, राज्यसभा ने सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) विकास (संशोधन) विधेयक, 2026 को मंजूरी दे दी।
इस मानसून सत्र के लिए कुल आठ विधेयक सूचीबद्ध किए गए थे, जिनमें से तीन को संसद के दोनों सदनों से मंजूरी मिल चुकी है। इनमें वंदे मातरम् विधेयक, लोक परीक्षा (संशोधन) विधेयक (पेपर लीक) और सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक शामिल हैं।
वहीं, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, आयकर (संशोधन) विधेयक, एमएसएमई विकास (संशोधन) विधेयक, विदेशी अंशदान (एफसीआरए) संशोधन विधेयक और विकसित भारत शिक्षा प्रतिष्ठान विधेयक को अभी तक संसदीय मंजूरी नहीं मिली है। सरकार आज दोनों सदनों में इन लंबित विधेयकों को पारित कराने का प्रयास कर सकती है।

