रोजमेरी वाटर जार कैसे तैयार करें ?
‘दीदी, आजकल रोजमेरी की चर्चा बहुत सुनने को मिल रही है, यह है क्या?’
‘रोज़मेरी एक पौधा है, जिसका वैज्ञानिक नाम साल्विया रोज़मेरिनस है। इसे हिंदी में गुलमेहंदी कहते हैं।’
‘क्या यह किसी खास काम में आता है?’
‘चूंकि गुलमेहंदी एक खुशबूदार जड़ी-बूटी है, इसलिए इसका उपयोग खाने का स्वाद बढ़ाने और बालों की सेहत के लिए किया जाता है।’
‘किस तरह से?’
‘रोज़मेरी के तेल या पानी से बाल मज़बूत होते हैं और उनका झड़ना भी कम होता है। बालों को मज़बूत व घना बनाने के लिए रोज़मेरी का सीरम भी तैयार किया जाता है। इसे सूप, सब्ज़ियों और बेक्ड डिशिज़ में खुशबू और स्वाद के लिए डाला जाता है। कुछ लोगों का कहना है कि रोज़मेरी की सुगंध से याददाश्त और एकाग्रता तेज़ होती है, लेकिन इस सिलसिले में कोई वैज्ञानिक अध्ययन नहीं है।’
‘अच्छा।’
‘वैसे आजकल रोज़मेरी का एक अन्य प्रयोग फैशन में है। एक कांच के जार को पानी से भरकर उसमें रोज़मेरी को रख दिया जाता है और फिर इस जार को बेडरूम में रखा जाता है।’
‘मगर किसलिए?’
‘दरअसल, रोज़मेरी की प्राकृतिक सुगंध से कमरे में ताज़गी भरी खुशबू रहती है और अधिक खुशनुमा वातावरण उत्पन्न हो जाता है। रोज़मेरी की पत्तियों से ताज़ा खुशबू जारी होती है। चूंकि उसकी टहनियों को पानी में रखा जाता है, इसलिए वह लम्बे समय तक ताज़ा रहती हैं और कमरे को अपनी सुगंध से भरती रहती हैं।’
‘इसका मतलब यह हुआ कि रोज़मेरी से कमरा प्राकृतिक रूप से खुशबू से भरा रहता है, ताज़गी का एहसास मिलता है और आराम के लिए सुखद जगह मिल जाती है।’
‘हां और इसकी खुशबू का कई दिन तक आनंद लिया जा सकता है।’
‘रोज़मेरी वाटर जार को किस तरह से तैयार करें?’
‘कांच का साफ जार लो, ताज़ा पानी लो और रोज़मेरी की अनेक ताज़ा टहनियां लो, उन्हें पानी में इस तरह से रखो कि उनका कुछ हिस्सा पानी से ऊपर निकला रहे। इससे प्राकृतिक खुशबू लम्बे समय तक जारी रहेगी। जार तैयार करने के बाद उसे कमरे के नाईटस्टैंड या शेल्फ पर रख दो।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर




