दिल्ली एनसीआर में बरसे बदरा: खराब मौसम से नौ उड़ानें डायवर्ट, आईजीआई एयरपोर्ट पर भरा पानी 

नई दिल्ली, 4 सितंबर - दिल्ली एनसीआर में जन्माष्टमी के दिन शुक्रवार को बारिश हुई। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई। इससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को पिछले कई दिनों से जारी गर्मी व उमस से राहत मिली। मौसम सुहावना होने से जन्माष्टमी के आयोजनों में भी लोगों को राहत मिली।

जानकारी के मुताबिक, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद सहित कई क्षेत्रों में वर्षा दर्ज की गई। बारिश के चलते कई इलाकों में सड़क पर जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को कुछ स्थानों पर हल्की और मध्यम बारिश की संभावना जताई थी।
दिल्ली में दोपहर बाद शुरू हुई बारिश के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जलभराव हो गया। इस दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, खराब मौसम का असर उड़ानों पर भी पड़ा है। शुक्रवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर कम से कम नौ उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा। एक अधिकारी ने बताया कि चार उड़ानें जयपुर, चार उड़ानें लखनऊ और एक उड़ान अहमदाबाद भेजी गई।

#दिल्ली
# एनसीआर
# मौसम