नमो क्रिकेट लीग ने बनाया विश्व रिकॉर्ड, 15 दिनों में 55 हजार खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
पंचकूला, 30 सितंबर (कपिल)- नमो क्रिकेट लीग ने महज 15 दिनों में करीब 55 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी और 3400 मैच करवाकर विश्व रिकॉर्ड बनाने का दावा किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लीग की उपलब्धियां साझा करते हुए कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है।
तरुण भंडारी ने कहा कि गांवों से लेकर शहरों तक के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उनमें फिटनेस, अनुशासन और टीम भावना पैदा करने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने बताया कि लीग के आगामी कार्यक्रमों में पंजाब के प्रसिद्ध गायक मनकीरत औलख, हरियाणा के गायक मासूम शर्मा सहित बॉलीवुड के कई फिल्मी सितारे शिरकत करेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और संत समाज से जुड़ी प्रमुख हस्तियां भी कार्यक्रमों में पहुंचेंगी।
भंडारी ने कहा कि लीग में हिस्सा लेने के लिए किसी प्रकार की एंट्री फीस नहीं रखी गई। उनके मुताबिक, 15 दिनों में 55 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी और 3400 मैच करवाया जाना लीग की व्यापक पहुंच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का संदेश स्पष्ट है—युवाओं को खेलों से जोड़ना और नशे से दूर रखना।

