दवा कंपनी का कर्मचारी बनकर 76 वर्षीय बुजुर्ग से ठगे 2.06 लाख रुपये
एस.ए.एस. नगर, 5 अक्टूबर (कपिल वधवा)- खरड़ के सेक्टर-125 स्थित जलवायु टावर के रहने वाले 76 वर्षीय बुजुर्ग के साथ दवा कंपनी का कर्मचारी बनकर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। जालसाज ने पहले बुजुर्ग को फोन कर दवाइयों से संबंधित जानकारी ली और बाद में व्हाट्सऐप पर एपीके फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद इंडियन बैंक और बैंक ऑफ इंडिया के खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2.06 लाख रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह ऑनलाइन दवाइयां मंगवाते हैं। 22 सितंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को दवा कंपनी से संबंधित कर्मचारी बताते हुए उनकी चल रही दवाइयों और घर के पते से संबंधित जानकारी ली। बातचीत के बाद उसने व्हाट्सऐप पर एक एपीके फाइल भेज दी।
शिकायत के अनुसार एपीके फाइल के जरिए जालसाज ने बुजुर्ग के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर लिया। कुछ दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन 26 सितंबर को उनके इंडियन बैंक और बैंक ऑफ इंडिया के खातों से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2.06 लाख रुपये निकाल लिए गए।
दवा कंपनी से संपर्क करने पर हुआ ठगी का खुलासा
फोन आने के बाद रमेश गुलाटी को कॉल करने वाले पर शक हुआ। इसके बाद उन्होंने जयपुर स्थित संबंधित दवा कंपनी से संपर्क किया। कंपनी ने स्पष्ट किया कि उसकी ओर से ऐसी कोई कॉल नहीं की गई थी और बुजुर्ग को किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और आईटी एक्ट की धारा 66सी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

