दिल्ली के रेस्टोरेंट में खा-पी रहे थे लोग, तभी लग गई भीषण आग, खिड़की से कूदे लोग
नई दिल्ली, 14 अक्टूबर - दिल्ली के वेलकम इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 13 अक्टूबर की रात एक रेस्टोरेंट में लोग आराम से बैठकर डिनर कर रहे थे तभी अचानक किचन में भीषण आग भड़क उठी। आग लगते ही रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
कैसे मची अफरा-तफरी?
उधम रेस्टोरेंट (दुकान नंबर 169, मेन जाफराबाद रोड, मौजपुर) के किचन में अचानक आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही पलों में पूरे रेस्टोरेंट में धुआं फैल गया। चूंकि यह रेस्टोरेंट पहली मंजिल पर था और वहां आने-जाने के लिए केवल एक ही छोटी सी सीढ़ी थी इसलिए मुख्य रास्ते से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। आग और धुएं के बीच किसी की अंदर जाने की हिम्मत नहीं हुई। घबराए हुए लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए छत और खिड़कियों का सहारा लिया। लोगों ने रेस्टोरेंट की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी जिन्हें नीचे खड़े स्थानीय लोगों ने सुरक्षित पकड़ा और संभाला।

