ग्वालियर - ट्रक से कुचले जाने पर 11 श्रद्धालुओं की मौत, 29 घायल
ग्वालियर, 18 अक्टूबर - मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ट्रक से कुचले जाने के कारण 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ, जब एक ओवरलोड ट्रक ने शीतला माता मंदिर जा रहे लगभग 40 श्रद्धालुओं को कुचल दिया। इस हादसे में 11 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से पांच से छह लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस दुखद हादसे की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर से लेकर एसएसपी और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने कहा, "यह एक दुखद घटना है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु शीतला माता मंदिर जा रहे थे। छीनौर की तरफ से आने वाली सड़क पर ढलान है, जहां भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध है। सुबह करीब 1:30 बजे धान से भरा एक ट्रक वहां पहुंचा। यह पुलिस बैरिकेड तोड़ते हुए अचानक अनियंत्रित हो गया और नीचे की ओर आकर मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकरा गया। सड़क पर मौजूद श्रद्धालु इसकी चपेट में आकर कुचल गए, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
अब तक मिली जानकारी के अनुसार, पांच से छह मरीज फ्रैक्चर के कारण गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है।"

