दिल्ली में 'खराब' हुआ हवा का हाल: AQI पहुंचते ही लागू हुआ GRAP-1
नई दिल्ली, 21 अक्टूबर - राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर एक बार फिर चिंता का विषय बनता जा रहा है। हवा की गुणवत्ता खराब होने के बाद दिल्ली में GRAP-1 की पाबंदियां आधिकारिक तौर पर लागू कर दी गई हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार बुधवार सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 233 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।
नियमों के मुताबिक, जब AQI 201 से 300 के बीच पहुंचता है, तो GRAP-1 के प्रतिबंध एक्टिव किए जाते हैं। इसके तहत शहर में प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए निम्नलिखित कदम उठाए जा रहे हैं। होटल और रेस्टोरेंट में कोयले के इस्तेमाल पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। वहीं, डीजल जनरेटर (DG Sets) के इस्तेमाल की अनुमति सिर्फ आपातकालीन स्थितियों में ही दी जाएगी।
धूल उड़ने से रोकने के लिए सड़कों की नियमित सफाई और पानी का छिड़काव तेज कर दिया गया है। निर्माण स्थलों पर निगरानी कड़ी कर दी गई है और कचरे के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रदूषण में और इजाफा न हो।

