दिल्ली में भारी बारिश से यातायात व्यवस्था चरमराई, कई इलाकों में लंबा जाम


नई दिल्ली, 16 अक्टूबर -  दिल्ली के कई इलाकों में बृहस्पतिवार को भारी बारिश एवं जलभराव के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

इंडिया गेट, आईटीओ, मंडी हाउस और दक्षिण दिल्ली सहित कई क्षेत्रों में कारों, बसों और तिपहिया वाहनों की कतारें देखी गयी। कई मार्गों पर यातायात बेहद धीमा रहा, जबकि कुछ जगहों पर वाहन काफी देर तक फंसे रहे। जाम से परेशान लोगों ने सोशल मीडिया पर शिकायतें कर यातायात पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की।

मंडी हाउस सर्कल पर वाहन एक-दूसरे के बेहद करीब खड़े दिखाई दिए। यात्रियों ने आरोप लगाया कि वहां यातायात नियंत्रित करने के लिए कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इंडिया गेट सर्कल पर भी भारी जाम की सूचना मिली। एक यात्री ने दावा किया कि यातायात करीब 30 मिनट से रुका हुआ था।

#दिल्ली