एअर इंडिया का बड़ा फैसला: सऊदी अरब की उड़ानों पर 24 अक्तूबर तक बढ़ाई रोक

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर - एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दमाम से आने-जाने वाली उड़ानों को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। एयरलाइन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि यह रोक 24 अक्तूबर 2026 तक लागू रहेगी। इस फैसले से प्रभावित यात्रियों को टिकट की तारीख बदलने, वैकल्पिक एयरपोर्ट से यात्रा करने और रिफंड लेने का विकल्प दिया गया है।
 
एअर इंडिया के अनुसार, जिन यात्रियों के पास 15 अक्तूबर 2026 या उससे पहले जारी किए गए कन्फर्म टिकट हैं और जिनकी यात्रा की तारीख 9 से 25 अक्तूबर 2026 के बीच है, उन्हें विशेष सुविधा मिलेगी। ऐसे यात्री संबंधित एयरलाइन में 10 नवंबर 2026 तक एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलवा सकते हैं। यह सुविधा पात्र बुकिंग पर लागू होगी। एयरलाइन ने कहा कि वह यात्रियों की यात्रा योजनाओं में होने वाली परेशानी को समझती है और इस दौरान उन्हें अधिक से अधिक लचीलापन देने की कोशिश कर रही है।

#एअर इंडिया
# सऊदी अरब