एअर इंडिया के विमान का पिछला हिस्सा लैंडिंग के वक्त रनवे से टकराया, चालक दल और यात्री सुरक्षित
नई दिल्ली, 21 मई - बंगलूरू हवाई अड्डे पर उतरते समय आज एअर इंडिया के एक विमान में टेलस्ट्राइक की घटना हुई। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से आ रहा विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और चालक दल और यात्री सामान्य रूप से विमान से उतर गए। दरअसल, टेकऑफ या लैंडिंग के दौरान जब विमान का पिछला हिस्सा रनवे के संपर्क में आता है, तब टेलस्ट्राइक की घटना होती है। टेलस्ट्राइक के बाद सभी विमानों की संरचनात्मक समस्याओं के लिए जांच की जाती है। इस विमाने में कुल 181 यात्री सवार थे।
अधिकारियों ने बताया कि टेलस्ट्राइक की घटना के बाद एअर इंडिया की फ्लाइट AI2651, जो एक नैरो-बॉडी एयरबस A321 है, उसको निरीक्षण के लिए रोक दिया गया है। इस वजह से दिल्ली लौटने वाली इसकी फ्लाइट रद्द कर दी गई है। टाटा के स्वामित्व वाली एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को जल्द से जल्द समायोजित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। एयरलाइन ने कहा, 'बंगलूरू में हमारी ग्राउंड टीमें सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही हैं।' आगे कहा कि घटना की जांच स्थापित प्रक्रियाओं के अनुसार और नियामक अधिकारियों के समन्वय से की जाएगी।

