मणिपुर: कुकी-जो उग्रवादियों के कैंप पर सुरक्षा बलों का कब्जा, 14 कैंपों का होगा ऑडिट
इंफाल, 24 अक्टूबर - मणिपुर में जातीय हिंसा शुरू होने के करीब साढ़े तीन साल बाद सुरक्षा बलों ने कुकी-जो उग्रवादियों के लिए बनाए गए एक निर्धारित कैंप पर पूरी तरह नियंत्रण कर लिया है। कांगपोकपी जिले के सिनाई कैंप में 159 पंजीकृत उग्रवादियों के होने की उम्मीद थी, लेकिन वहां केवल एक कैडर मिला। इस खुलासे के बाद सुरक्षा बलों ने राज्य के सभी 14 निर्धारित कैंपों का ऑडिट करने का फैसला किया है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब कुकी-जो उग्रवादी संगठनों के साथ संघर्ष विराम समझौते की अवधि खत्म हो चुकी है और उसके भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं।
मणिपुर पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सिनाई कैंप में अभियान चलाया और शनिवार को उसका पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। सुरक्षा अधिकारियों के मुताबिक, कैंप में 159 पंजीकृत कैडरों की निर्धारित संख्या के मुकाबले केवल एक कैडर मौजूद था। इसके अलावा 17 ऐसे लोग मिले, जिनकी पहचान समझौते के तहत पंजीकृत कैडरों के रूप में नहीं हुई। पुलिस ने इन सभी 17 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें 31 अक्तूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है। मामले में कैंप के अधिकारियों की भूमिका, पहचान छिपाकर रहने, बिना अनुमति हथियार रखने और समझौते के नियमों के उल्लंघन की जांच की जा रही है।

