बड़ा हादसा: बदरीनाथ से लौट रहा हेलिकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार!

देहरादून, 30 अक्टूबर - उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बेहद दुखद और चिंताजनक खबर सामने आई है। बदरीनाथ धाम से फाटा की ओर जा रहा एक निजी कंपनी का हेलिकॉप्टर जोशीमठ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। हादसा हाथी पहाड़ के पीछे स्थित चायी गांव के पास होना बताया जा रहा है। हालांकि खराब मौसम के कारण अभी तक हेलिकॉप्टर के मलबे का सटीक सुराग नहीं मिल पाया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, यह हेलिकॉप्टर 'ट्रांस भारत' कंपनी का है। उड़ान भरने के कुछ समय बाद अचानक इसका संपर्क टूट गया और लोकेशन गायब हो गई, जिसके बाद तुरंत तलाश शुरू की गई। पैसेंजर मैनिफेस्ट के अनुसार, हेलिकॉप्टर में पायलट हिमांशु समेत कुल 6 लोग सवार थे। यात्रियों में चंद्रकांत, राजश्री, दिनेश, आकाश और अथर्व शामिल हैं।

लगातार हो रही बारिश और घने कोहरे-बादलों की वजह से विजिबिलिटी (दृश्यता) बेहद कम है। तलाश के लिए दो अन्य हेलिकॉप्टरों की भी मदद ली जा रही है, लेकिन खराब मौसम राहत और बचाव कार्य में बड़ी बाधा बना हुआ है। फिलहाल रेस्क्यू टीमें बदरीनाथ और जोशीमठ के बीच गहन खोज अभियान चला रही हैं।

जोशीमठ के एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि इलाके में कुछ संदिग्ध चीजें दिखाई देने के बाद हेलिकॉप्टर क्रैश की आशंका जताई जा रही है। मौके पर भारतीय सेना, SDRF, स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तैनात कर दिया गया है। एसडीएम खुद भी स्थिति का जायजा लेने के लिए घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे घटनाक्रम पर सीधी नजर बना रखी है। उन्होंने रेस्क्यू ऑपरेशन को तेजी से चलाने के आदेश दिए हैं और कहा है कि यदि कोई घायल मिलता है तो उसे तुरंत एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल पहुंचाया जाए। सीएम ने सभी यात्रियों के सकुशल होने की प्रार्थना भी की है।

#बड़ा हादसा
# बदरीनाथ
# हेलिकॉप्टर क्रैश