जालंधर में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई कार, दो दोस्तों की मौ/त

जालंधर, 1 नवंबर (दविंदर) — जालंधर में हुए एक सड़क हादसे में दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसा पुलिस लाइंस के पास एक फ्लाईओवर पर हुआ। दोनों एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी से वोक्सवैगन कार में सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार फ्लाईओवर पर खड़ी नगर निगम की ट्रैक्टर-ट्रॉली से पीछे से टकरा गई।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना बारादरी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान प्रसिद्ध पंजाबी म्यूजिक कंपनी स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश के बेटे विदित ओलख और पप्पी स्वीट्स के मालिक के बेटे आरव तलवार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उन्हें हादसे की सूचना सुबह करीब 3 बजे मिली थी।

थाना बारादरी के एसएचओ साहिल चौधरी ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पता चला कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी फ्लाईओवर की सफाई कर रहे थे। कचरा उठाने के लिए उन्होंने वहां ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी की हुई थी।

उन्होंने बताया कि हादसे के समय कार बीएमसी चौक से फ्लाईओवर के रास्ते बीएसएफ चौक की ओर जा रही थी। कार में कुल पांच लोग सवार थे।

एसएचओ के अनुसार, दोनों मृतकों के परिवारों ने कोई कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के शव परिवारों को सौंप दिए। कार में सवार बाकी तीन साथी पहले ही घर पहुंच चुके थे।
 

#जालंधर