Breaking News: रामपुर के विधायक नन्द लाल का निधन; 72 वर्ष की उम्र में ली आखिरी सांस
रामपुर/शिमला, 3 नवंबर (मनीष शारदा)- हिमाचल प्रदेश से बेहद दुखद खबर सामने आई है। वित्त आयोग के अध्यक्ष और रामपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक नन्द लाल का निधन हो गया। वह लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज शिमला में चल रहा था। बीते दिन उन्हें आईजीएमसी (IGMC) शिमला से चमियाना अस्पताल शिफ्ट किया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
नन्द लाल के निधन से हिमाचल प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। वह रामपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते रहे। वित्त आयोग के अध्यक्ष के रूप में भी उन्होंने प्रदेश के वित्तीय और विकास संबंधी मामलों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक दलों के नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त किया। कई नेताओं ने उन्हें जनता के बीच रहने वाले सरल और समर्पित जनप्रतिनिधि बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
नन्द लाल के निधन से रामपुर विधानसभा क्षेत्र समेत पूरे प्रदेश में शोक का माहौल है। उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी परिवार और प्रशासन की ओर से जल्द साझा किए जाने की उम्मीद है।

