भारत ने जीता दूसरा वनडे: डकवर्थ लुईस नियम से न्यूजीलैंड को चार रन से हराया, सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाई
भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में डकवर्थ लुईस नियम के हिसाब से चार रन से जीत दर्ज कर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। हालांकि, 135 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की हालत खराब हो गई थी। खेल रुकने तक टीम इंडिया ने 26 ओवर में सात विकेट गंवाकर 113 रन बनाए थे और उसे जीत के लिए 22 रन की जरूरत थी। तभी बारिश ने मुकाबले में खलल डाल दिया। काफी इंतजार के बावजूद खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। ऐसे में डकवर्थ लुईस (DLS) नियम के तहत भारत को चार रन से विजेता घोषित कर दिया गया।
दरअसल, बारिश के कारण यह मैच एक घंटे की देरी से शुरू हुआ था। सुबह साढ़े सात बजे की जगह मैच सुबह साढ़े आठ बजे शुरू हुआ था। अंपायर्स ने ओवर्स में कटौती भी की थी और मैच 47-47 ओवर का कर दिया गया था। हालांकि, न्यूजीलैंड की टीम 41 ओवर में 134 रन पर सिमट गई थी। 135 रन का लक्ष्य देखने में आसान लग रहा था, लेकिन भारतीय टीम के लिए इसका पीछा करना बिल्कुल भी आसान नहीं रहा। जैकब डफी ने पिछले मुकाबले में सहज नजर आए दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया। कप्तान शुभमन गिल गोल्डन डक पर आउट हुए, जबकि विराट कोहली सिर्फ सात रन बना सके। कोहली ने शानदार कवर ड्राइव के साथ अपना खाता खोला था, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके।
रोहित शर्मा भी शुरुआत में कई बार गेंद को समझने में चूके। हालांकि, उन्होंने चार चौके लगाए, लेकिन आखिरकार काइल जेमीसन ने उन्हें आउट कर दिया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे अक्षर पटेल एक बार फिर नाकाम रहे। वह थर्ड मैन पर कैच थमा बैठे। इसके साथ ही भारत का स्कोर 47 रन पर चार विकेट हो गया। इसके बाद श्रेयस अय्यर और केएल राहुल ने पांचवें विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि, जेमीसन की तेज और अंदर की ओर आती शॉर्ट गेंद पर श्रेयस चकमा खा गए और अपना विकेट गंवा बैठे। नमन धीर ने दो चौके लगाए, लेकिन पुल शॉट खेलने के प्रयास में कैच आउट हो गए। इस तरह छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम लगातार विकेट गंवाती रही।

