झारखंड के पलामू में प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो जगहों पर हिंसक झड़प; पुलिस पर पथराव, छह जवान घायल
झारखंड के पलामू जिले में सोमवार देर रात लक्ष्मी और काली पूजा के विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग स्थानों पर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों घटनाओं में पुलिस पर भी पथराव किया गया, जिसमें छह से ज्यादा जवान घायल हुए हैं। एक घटना में पुलिस ने बचाव के लिए करीब चार राउंड हवाई फायरिंग की। पथराव में पुलिस के वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
पहली घटना रेहला थाना क्षेत्र के रकसाहा गांव की है। यहां लक्ष्मी पूजा के दौरान डीजे और अन्य मुद्दों को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हुआ। सूचना मिलने पर रेहला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में चार पुलिस जवान घायल हो गए और पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ।

