आज से दो दिवसीय फिलीपींस दौरे पर जाएंगे प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली, 16 नवंबर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से फिलीपींस का दौरा करेंगे। इस दौरान वे 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें आसियान-नेतृत्व वाले पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत-आसियान संबंध देश की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए भारत के दृष्टिकोण का एक प्रमुख स्तंभ हैं। इस दौरे से दोनों पक्षों के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों को और मजबूत करने की उम्मीद है।
भारत और आसियान वर्ष 2026 को 'आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष' के रूप में मना रहे हैं। वर्ष 2027 दोनों पक्षों के बीच संवाद संबंधों के 35 साल और व्यापक रणनीतिक साझेदारी के पांच साल पूरे होने का प्रतीक होगा। शिखर सम्मेलन में दोनों पक्ष अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030 को लागू करने और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
मनीला में प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर द्वारा आयोजित रात्रिभोज से शुरू होगा। अगले दिन आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन आयोजित होंगे। इन बैठकों के दौरान प्रधानमंत्री विभिन्न देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में आपसी संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
सोमवार को फिलीपींस के लिए रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' के केंद्र में हैं और भारत के समुद्री दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत-आसियान संबंध सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हैं और अब व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क जैसे क्षेत्रों में एक मजबूत साझेदारी के रूप में विकसित हुए हैं।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में वे अन्य नेताओं के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति को आगे बढ़ाने और विकास, संपर्क तथा समृद्धि के साझा लक्ष्यों को नई गति देने पर चर्चा करेंगे।
वहीं, पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। इसमें हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने जैसे मुद्दे शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री फिलीपींस में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय का योगदान दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि उनका यह दौरा आसियान के साथ भारत की साझेदारी को नई ऊर्जा देगा और शांतिपूर्ण, समृद्ध तथा मजबूत हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति दोनों पक्षों की सामूहिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।

