क्या किसी देश में 13 महीने का भी साल होता है ?

‘दीदी, मोबाइल फोन कम्पनियों ने तो एक तरह से साल में 13 महीने बना दिये हैं।’
‘हां, वह 30 दिन की बजाये 28 दिन का रिचार्ज करने लगी हैं और अब यही तरीका टीवी के सब्सक्रिप्शन में भी अपनाया जाने लगा है।’
‘यानी यह मार्किट स्ट्रेटेजी है अधिक पैसा कमाने की।’
‘सही समझे।’
‘लेकिन क्या वास्तव में कोई ऐसा देश है, जहां 12 की जगह 13 महीने का एक साल होता हो?’
‘हां, है न।’
‘कौन से देश में 13 महीने का साल होता है?’
‘इथोपिया। यह दक्षिण अफ्रीका के सींग में स्थित लैंडलॉक्ड कंट्री है यानी इसके पास समुद्री तट नहीं है।’
‘अच्छा।’
‘इथोपिया अपना पारंपरिक कैलेंडर इस्तेमाल करता है, जिसे गीज़ या इथोपियाई कैलेंडर भी कहते हैं।’
‘तो इसमें 13 महीने किस तरह से होते हैं?’
‘गीज़ कैलेंडर में शुरुआत के 12 महीने तो ग्रेगोरियन कैलंडर की तरह 30 दिन वाले 12 महीने होते हैं, लेकिन इसके 13वें महीने में सामान्य साल में 5 दिन और लीप वर्ष में 6 दिन होते हैं। इस 13वें महीने को पागूमे कहते हैं।’
‘इस हिसाब से तो इथोपिया अन्य देशों से पीछे चल रहा होगा।’
‘हां, गीज़ कैलेंडर के कारण इथोपिया 7 साल 3 माह पीछे चल रहा है, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय व्यापार व सरकारी कामकाज के लिए वह ग्रेगोरियन कैलेंडर का ही इस्तेमाल करता है।’
‘इथोपिया के कैलेंडर में यह अंतर किस वजह से आया?’
‘दरअसल, ईसा मसीह के जन्म की गणना में अंतर के कारण ऐसा हुआ। आमतौर से सभी देश ईसा मसीह के जन्म को 1 ईस्वी मानते हैं, लेकिन इथोपिया की ऑर्थोडॉक्स चर्च ईसा मसीह का जन्म 7 ईसा पूर्व मानता है। इथोपिया में नया साल 11 सितम्बर को मनाया जाता है और लीप वर्ष में 12 सितम्बर को। एक और खास बात है। जहां ग्रेगोरियन कैलेंडर में सुबह की शुरुआत 6 बजे से होती है, वहीं इथोपिया में 12 बजे को सुबह माना जाता है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#क्या किसी देश में 13 महीने का भी साल होता है ?