पटना में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की ऐतिहासिक बैठक आज
पटना, 24 सितंबर - बिहार के पटना में कांग्रेस कार्यसमिति की अहम बैठक होगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में कई दिग्गज शामिल होंगे। बैठक में महंगाई, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और चुनावी सुधार जैसे मुद्दों पर प्रस्ताव पारित किए जाने की संभावना है। साथ ही, इंडिया गठबंधन के साथ सीट बंटवारे की रणनीति को भी अंतिम रूप दिया जा सकता है।बैठक से पहले वेणुगोपाल का बयान
बैठक से पहले कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसे एक 'ऐतिहासिक अवसर' करार दिया। उन्होंने कहा, "बिहार का कांग्रेस की विरासत में हमेशा से अहम स्थान रहा है, और विस्तारित सीडब्ल्यूसी बैठक में यही विरासत केंद्र में होगी।"
वेणुगोपाल ने याद दिलाया कि कैसे बिहार महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह से लेकर डॉ. राजेंद्र प्रसाद और बाबू जगजीवन राम जैसे राष्ट्रीय नेताओं की जन्मभूमि रहा है। उन्होंने कहा, "बिहार एक बार फिर दो राहों पर खड़ा है। एक ओर आशा, सामाजिक न्याय और विकास की राजनीति है और दूसरी ओर नफरत, हिंसा, बेरोजगारी और संविधान के विनाश की राजनीति है। ऐसे में यह बैठक एक स्पष्ट संदेश है कि कांग्रेस बिहार के लोगों के साथ है।"
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का बयान
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि सदाकत आश्रम स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथाओं का साक्षी रहा है और आज फिर से एक नया इतिहास रचने को तैयार है। आजादी के बाद पहली बार बिहार की इस पवित्र भूमि पर सीडब्ल्यूसी की बैठक हो रही है। यह वह पल है जब कांग्रेस अपने गौरवपूर्ण अतीत को बिहार और देश के भविष्य की विजय से जोड़ेगी। उन्होंने कहा कि यहां से हम सत्ता के लोकतंत्र-विरोधी कदमों और जनता को गुमराह करने वाली नीतियों को परास्त करेंगे।