कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारियां पूर्ण

नैनीताल 10 जून (वार्ता) : उत्तराखंड की व्यास घाटी से होकर गुजरने वाली ऐतिहासिक कैलाश मानसरोवर यात्रा 12 जून से शुरु हो रही है और इसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) के यात्रा प्रबंधक जीएस मनराल ने बताया कि निगम की ओर से कैलाश यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इस बार की यात्रा में खास बात यह है कि पैदल यात्रा लगभग 18 किमी कम हो गयी है। इसके साथ ही यात्रा हेलीकाप्टर के बजाय अपने परंपरागत रास्तों से पैदल होकर गुजरेगी। उत्तराखंड में कैलाश यात्रा को लेकर काफी उत्साह है। खासकर पैदल यात्रा से व्यासघाटी के छोटे कारोबारी काफी आशान्वित हैं। जानकारों का मानना है कि इस बार पैदल यात्रा संचालित होने से व्यासघाटी की रौनक वापस लौट आयी है। कैलाश यात्रा की विधिवत शुरूआत 12 जून से शुरु होगी और इसी दिन पहला जत्था दिल्ली से देवभूमि उत्तराखंड पहुंचेगा। हल्द्वानी और अल्मोड़ा पहुंचने पर यात्रियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। 12 जून से शुरू होने वाली यह यात्रा 8 सितम्बर तक चलेगी।  आठ सितंबर को अंतिम दल दिल्ली पहुंच जाएगा। इस वर्ष यात्रा में कुल 18 दल शामिल होंगे। एक दल में अधिकतम 60 श्रद्धालु होंगे। इस दल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय का एक लाइजनिंग अधिकारी करेगा।