हनी ट्रैप में फंसा कर एक व्यक्ति से 1 लाख रुपए लेती सास-बहू रंगे हाथों गिरफ्तार

यमुनानगर, 21 फरवरी - हरियाणा के यमुनानगर में हनी ट्रैप में फंसा कर एक व्यक्ति को ठगने का मामला सामने आया है। जगाधरी की रहने वाली सास-बहू पर आरोप लगे हैं। जानकारी के मुताबिक जगाधरी में एक व्यक्ति ने महिला को नौकरी पर रखा था। 10 दिन बाद वह महिला अपनी सास के साथ मिलकर व्यक्ति को ब्लैकमेल करने लगी। उन दोनों ने व्यक्ति से 5 लाख रुपए की डिमांड की। पैसे ना देने पर रेप का केस दर्ज करवाने की धमकी दी। उक्त व्यक्ति ने पुलिस को इसकी जानकारी दी और पुलिस ने जाल बिछाकर 1 लाख रुपए लेते सास बहू को रंगे हाथों दबोच लिया। जानकारी देते हुए सेक्टर 17 हुड्डा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया था जहां से उन्हें एक दिन का रिमांड मिला है। दोनों से गहनता से पूछताछ की जाएगी। मामले में यदि और लोग भी शामिल होंगे तो उन्हें भी जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।