भारतीय प्रज्ञा के आदि मनीषी महर्षि वाल्मीकि

संस्कृत के प्रथम कवि महर्षि वाल्मीकि भारतीय प्रज्ञा के आदि मनीषी हैं। उनका भारत की संस्कृति और दार्शनिक परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। वह भारत की समूची काव्य परंपरा के नायक हैं, सिर्फ किसी एक भाषा के कवि भर नहीं हैं। उनके द्वारा रचित रामायण दरअसल भारत की काव्य परंपरा का आधार है। इस महाकाव्य ने भारत में अनगिनत कविताओं और काव्य परंपराओं की नींव रखी है। यह महाकाव्य विश्व साहित्य का सबसे पुराना और सबसे महत्वपूर्ण कविता ग्रंथ है। उन्होंने इस महाकाव्य की रचना श्लोक छंद में की है। उन्हीं के साथ इस काव्य रचना परंपरा की शुरुआत हुई। अपने इस महाकाव्य के जरिये उन्होंने काव्य रचना का एक ऐसा मानदंड स्थापित किया, जिससे आगे चलकर इसी परंपरा में महाभारत और रघुवंशम जैसे महाकाव्यों की रचना हुई। 
इस वर्ष 17 अक्तूबर, 2024 को उनकी जयंती मनायी जा रही है। इस दिन हम महर्षि वाल्मीकि जी का सम्मान करते हैं, जिन्होंने भारतीय समाज में अपने रामायण महाकाव्य के जरिये नैतिकता का मानदंड स्थापित किया है। रामायण महाकाव्य की सबसे खास विशेषता यह है कि यह हमें बुराई पर अच्छाई की जीत का भरोसा दिलाता है। भारत की नैतिक और आध्यात्मिक शिक्षाओं का रामायण महाकाव्य आधार माना जाता है। वाल्मीकि जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों के जरिये इस आदि कवि की शिक्षाओं का प्रचार प्रसार किया जाता है ताकि लोग अपने जीवन में नैतिकता का समावेश कर सकें। उन्हें संस्कृत के आदि कवि यानी प्रथम कवि का दर्जा दिया जाता है और इस नाते वह संस्कृत काव्य परंपरा के संरक्षक हैं। उनकी जयंती के अवसर पर देशभर में जहां उनकी शिक्षाओं पर सैमीनार और संगोष्ठियां होती हैं, वहीं उनकी परम शोभायात्रा भी निकाली जाती है।
उनका जीवन देश और समाज को प्रेरित करता है। अपनी निष्ठा और संकल्प से वह कालांतर में कैसे एक सरस कवि और महर्षि बन गये, यह देश और समाज को एक बड़ी देन है। कुछ वर्ग उन्हें जन्मजात ऋषि मानते हैं। तथापि, जो भी हो, उनका जीवन बेहद प्रेरक है। इसी वजह से वह भारतीय काव्य परंपरा के साथ भारत की नैतिक और सांस्कृतिक परंपरा के भी नायक हैं। महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित संस्कृत महाकाव्य रामायण विश्व साहित्य का भी सबसे पुराना ग्रंथ है। माना जाता है कि पूरी दुनिया में उन्हीं के इस महाग्रंथ के जरिये काव्य परंपरा की नींव पड़ी। 
उनके इस आदि ग्रंथ का इसलिए भी ज्यादा महत्व है कि उन्होंने दुनिया के पहले काव्य ग्रंथ में ही धार्मिक और नैतिकता की एक ऐसी कसौटी प्रतिपादित कर दी कि जिसके बाद कोई दूसरी कसौटी नहीं रची जा सकी। उनका यह महाग्रंथ सिखाता है कि परिस्थितियां कितनी ही प्रतिकूल हों, लेकिन इंसान को अपने आदर्शों का दामन नहीं छोड़ना चाहिए। रामायण के सभी पात्र चाहे वह खुद भगवान राम हों, उनके अनुज भ्राता लक्ष्मण हों, पत्नी सीता हों या इस ग्रंथ में आये दूसरे पात्र, सभी धर्म और कर्त्तव्य का पालन करते हैं। उनके द्वारा रचित यह महान काव्य ग्रंथ विश्व समाज को दिखाया गया नैतिक पथ है। उन्होंने तपस्या के बल पर जो ज्ञान अर्जन किया, वह अपने आपमें एक ऐसा प्रेरक तत्व है, जो हर किसी को विषम परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने को प्रोत्साहित करता है। 
महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित महाकाव्य रामायण सिर्फ धार्मिक ग्रंथ ही नहीं बल्कि इसमें जीवन के गहरे दार्शनिक सूत्र और आध्यात्मिक सिद्धांत भी समाहित हैं। उनका यह असाधारण महाकाव्य कर्म और भाग्य को पूरे महत्व के साथ आपस में पिरोता है। गीता से बहुत पहले महर्षि वाल्मीकि ने दुनिया को यह संदेश दिया कि हमें अपना कर्त्तव्य करना चाहिए, परिणाम की फिक्र नहीं करनी चाहिए। रामायण के अंतिम हिस्से में स्वयं भगवान श्री राम को मोक्ष की प्राप्ति हेतु प्रयत्न-रत देखा जाता है। इस तरह महर्षि वाल्मीकि जी का यह ग्रंथ मोक्ष को जीवन के अंतिम लक्ष्य के रूप में भी स्थापित करता है, जो कि भारतीय दर्शन का आधार है। 
महर्षि वाल्मीकि के महाग्रंथ रामायण ने देश को सांस्कृतिक एकता में बांधा है। चाहे उत्तर भारत हो या दक्षिण, पूर्व हो या पश्चिम। देश के सभी क्षेत्रों में उनके इस महान ग्रंथ को भरपूर सम्मान मिला है। उनके इस काव्य ग्रंथ ने भारतीय समाज को एक मजबूत डोर से बांधा है। शायद यही वजह है कि रामायण एक साहित्यिक कृति ही नहीं बल्कि हिंदू धर्म का महान ग्रंथ माना जाता है। इसलिए कहना चाहिए कि वह महान विचारक, दार्शनिक और समाज सुधारक भी थे। वह सही मायनों में भारतीय प्रज्ञा के आदि मनीषी थे।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर