देश में बड़े पैमाने पर हो रही नशीले पदार्थों की तस्करी
पिछले कई वर्षों में भारत में नशा तस्करी के मामलों में तेज़ी से वृद्धि हुई है। विशेष रूप से अंतर्राष्ट्रीय तस्कर भारत को एक ट्रांजिट प्वाइंट के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। देश के अनेक स्थानों से बड़ी मात्रा में ड्रग्स और नशीले पदार्थों की खेप पकड़ी जा रही है। राजधानी दिल्ली में 13 हज़ार करोड़ का अवैध नशीला पदार्थ ज़ब्त किया गया है। मध्य प्रदेश के झबुआ जिले में 168 करोड़ की ड्रग्स जब्त की गई है। पिछले दिनों दिल्ली पुलिस और गुजरात पुलिस ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाकर 13 हज़ार करोड़ का नशीला पदार्थ ज़ब्त किया है। देश में नशीले पदार्थों की हो रही तस्करी एक बड़ा संकट है। पिछले कुछ सालों और महीनों में ड्रग्स का काला कारोबार कुछ ज्यादा ही बढ़ गया है। राजधानी दिल्ली, गुजरात, पंजाब और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में बड़ी मात्रा में ड्रग्स और नशीले पदार्थों को जब्त किया गया है। मालूम हो कि अफगानिस्तान में अफीम की खेती की जाती है। अफगानिस्तान से अफीम और अन्य नशीले पदार्थ पाकिस्तान आते हैं। इसके बाद ड्रोन के सहारे इसे पंजाब की सीमा के भीतर पहुंचाया जाता है। यहां पर ड्रग्स के गिरोह के बड़े-बड़े सरगना नशीले पदार्थों को दिल्ली समेत पूरे देश में पहुंचाने का काम करते हैं।
पंजाब और गुजरात के बाद नशीले पदार्थों की तस्करी पूर्वोत्तर भारत के सीमाओं वाले इलाकों से होती है। यहां म्यांमार से बड़ी मात्रा में ड्रग्स, मेथामफेटामाइन जैसे अन्य नशीली दवाओं को भारत में भेजने का काम होता है। त्रिपुरा, मेघालय और नागालैंड जैसे कई पूर्वोत्तर राज्यों में बड़ी आसानी से नशीले पदार्थों की तस्करी का काम हो रहा है।
जानकारी के अनुसार दिल्ली पुलिस और गुजरात पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में पिछले दिनों 7000 करोड़ रुपये कीमत की 518 किलो कोकीन बरामद की। दिल्ली पुलिस से स्पेशल सेल और गुजरात पुलिस ने गुजरात के अंकलेश्वर में एक कम्पनी की तलाशी में 518 किलोग्राम कोकीन बरामद की। अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में इसकी कीमत करीब 5,000 करोड़ रुपये है।
बता दें कि इससे पहले 1 अक्तूबर, 2024 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने महिपालपुर में एक गोदाम पर छापेमारी करके 562 किलोग्राम कोकीन और 40 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक मारिजुआना की खेप ज़ब्त की थी। जांच के दौरान टीम को पता चला की दिल्ली के रमेश नगर में भारी मात्रा में ड्रग्स को छुपा कर रखा हुआ है। इसके बाद 10 अक्तूबर, 2024 को दिल्ली के रमेश नगर की एक दुकान से लगभग 208 किलो कोकीन बरामद की गई। अब तो अंग वस्त्रों व शरीर के अंदर छिपा कर भी नशे की तस्करी की जाने लगी है। विगत कुछ महीनों के उदाहरण आगे दिए गए हैं। 23 जून, 2024 को कोच्चि के हवाई अड्डे पर तंजानिया के नागरिक को गिरफ्तार करके उससे 19 करोड़ रुपए मूल्य की 1945 ग्राम कोकीन बरामद की गई जो उसने अपने पेट में छिपा रखी थी। उसके साथ ही उसी विमान से उतरी एक महिला को भी गिरफ्तार किया गया जिसके पेट में भी छिपाई हुई 13.34 करोड़ रुपए मूल्य की 1.35 किलो कोकीन के 95 कैप्सूल निकाले गए।
3 जुलाई, 2024 को लुधियाना में अधिकारियों ने एक कोरियर कंपनी के कार्यालय से लहंगा-चोली के अंदर छिपाकर कनाडा भेजी जा रही 889 ग्राम अफीम पकड़ी। 7 दिसम्बर, 2024 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नाईजीरिया के एक तस्कर के पेट से 12 करोड़ रुपए मूल्य की 799 ग्राम कोकीन के 67 कैप्सूल निकाले गए। 11 दिसम्बर, 2024 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ब्राज़ील के हैनरिक डी ओलीवेरा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार करके पूछताछ की गई तो उसने 21 करोड़ रुपए मूल्य की कोकीन के 1383 ग्राम वजनी 127 कैप्सूल निगलने की बात स्वीकार की जो डाक्टरों ने उसकी आंत से निकाले।
13 दिसम्बर, 2024 को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इंटैलीजैस टीम ने 2 फिलिपीन्स के नागरिकों को गिरफ्तार करके उनके पेट से 10 करोड़ 14 लाख रुपए मूल्य के 676 ग्राम नशीले सफेद पाऊडर के 90 कैप्सूल तथा एक अन्य फिलीपीनी नागरिक से 7 करोड़ 74 लाख रुपए मूल्य की 503 ग्राम कोकीन के 66 कैप्सूल बरामद किए।
17 दिसम्बर, 2024 को चेन्नई के अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कीनिया की एक महिला को गिरफ्तार किया गया जिसने 14.2 करोड़ रुपए मूल्य की लगभग 1.4 किलो कोकीन के 90 कैप्सूल निगल रखे थे।5 जनवरी, 2025 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने 20.98 करोड़ रुपए की 1399 ग्राम कोकीन की तस्करी के आरोप में ब्राज़ील से आई एक महिला तथा पुरुष को गिरफ्तार किया। जांच के दौरान दोनों ने स्वीकार किया कि उन्होंने नशीले पदार्थ से भरे कैप्सूल निगले हैं जो अधिकारियों ने उन्हें अस्पताल ले जाकर निकलवाए। 9 फरवरी, 2025 को इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ब्राज़ील की 2 महिलाओं तथा केन्या के एक पुरुष को पेट में 40 करोड़ रुपए की कोकीन मिलने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। 17 फरवरी, 2025 को मुम्बई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर युगांडा से पेट में कोकीन के 84 कैप्सूल छिपा कर लाने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया गया।
-मो. 92191-79431