अवैध ढंग से अमरीका जाकर अपने भविष्य को खतरे में न डालें
अमरीका और भारत दोनों ही अवैध आप्रवासन से गम्भीर ़खतरों का सामना कर रहे हैं। अमरीका, भारत द्वारा अपनी सीमाओं को अवैध आप्रवासन के ़खतरों से सुरक्षित रखने की ज़िम्मेदारी का सम्मान करता है। हम जानते हैं कि हमारे भारतीय भागीदार यह समझते हैं कि यदि किसी देश के आप्रवासन कानूनों की अनदेखी की जाती है, तो कोई भी देश सुरक्षित नहीं रह सकता। हमें विश्वास है कि वे राष्ट्रपति ट्रम्प द्वारा अमरीका को सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध बनाने के तरीके का सम्मान करेंगे, ताकि अमरीका के आप्रवासन कानूनों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
ट्रम्प प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो लोग अवैध तरीके से अमरीका में प्रवेश करने का प्रयास करेंगे, वीज़ा प्राप्त करने के लिए धोखाधड़ी करेंगे, बिना कानूनी अनुमति के काम करेंगे, या अपने वीज़ा या वीज़ा वेवर की अवधि समाप्त होने के बाद अमरीका में रहेंगे, उन्हें गंभीर दंड का सामना करना पड़ेगा। इसमें जेल की सज़ा, निर्वासित होना और भविष्य में यू.एस. वीज़ा प्राप्त करने पर स्थायी प्रतिबंध शामिल हो सकते हैं। जिन लोगों के दोस्त या परिवार अवैध रूप से अमरीका में रह रहे हैं, उन्हें अब अपने प्रियजनों को घर वापस आने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
अवैध रूप से प्रवेश करना या रहना अब संभव नहीं
कुछ लोग समझते हैं कि वे अवैध रूप से अमरीका में प्रवेश कर सकते हैं और पकड़े जाने से बच सकते हैं। यह सच नहीं है। ट्रम्प प्रशासन ने सीमा सुरक्षा को मजबूत किया है और अवैध आप्रवासियों की गिरफ्तारी और निर्वासन की संख्या को बहुत बढ़ा दिया है। फरवरी 2025 में, अवैध सीमा पार करने की घटनाओं में फरवरी 2024 की तुलना में 94 प्रतिशत की कमी आई, जबकि अमरीका में अवैध सीमा पार करने वालों की गिरफ्तारी 627 प्रतिशत बढ़ी। जो लोग यू.एस. की सीमा पार करने या अवैध रूप से अमरीका में रहने का प्रयास करेंगे, उन्हें पकड़ा जाएगा, हिरासत में लिया जाएगा और वापस भेजा जाएगा। उन्हें अमरीका में कभी भी लौटने से प्रतिबंधित किया जा सकता है, या फिर जुर्माना और आपराधिक आरोपों का सामना करना पड़ सकता है।
यू.एस. वीज़ा धोखाधड़ी के गम्भीर परिणाम हैं
यू.एस. वीज़ा प्रक्रिया दुनिया में सबसे सुरक्षित है। फिर भी, कुछ लोग नकली दस्तावेजों का उपयोग करके, आवेदन को जाली बनाकर, या अपने वीज़ा समाप्त होने के बाद भी रहते हुए इस प्रणाली का गलत फायदा उठाने की कोशिश करते हैं, अक्सर ऐसे साधकों की मदद से जो प्रवासियों से पैसा बनाने के लिए उनका शोषण करते हैं। ये वीज़ा धोखाधड़ी के उदाहरण हैं, जो एक गम्भीर अपराध है। जो लोग इस तरह से कानून तोड़ते हैं, उन्हें सज़ा दी जाएगी और उन्हें कभी भी अमरीका में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अमरीका सीमा तक की यात्रा ़खतरनाक है
जो लोग अवैध रूप से अमरीका में प्रवेश करने के लिए ़खतरनाक यात्रा करने पर विचार कर रहे हैं, उन्हें यह समझना चाहिए कि उनकी सुरक्षा और यहां तक कि उनका जीवन ़खतरे में है। आपराधिक समूह कार्टेल और मानव तस्कर अवैध प्रवासियों को निशाना बनाते हैं, और उन्हें हिंसा, जबरन वसूली और हमलों का शिकार बनाते हैं। अक्सर जो लोग यह यात्रा करने का प्रयास करते हैं, वे अपने गंतव्य तक कभी नहीं पहुंच पाते। कुछ लोग संपत्ति गिरवी रखकर या कज़र् लेकर तस्करों को भारी रकम का भुगतान करते हैं, लेकिन वे यह सब खो देते हैं जब उन्हें अपने देश वापस निर्वासित कर दिया जाता है। अमरीका अन्य पश्चिमी गोलार्ध देशों के साथ मिलकर अवैध रूप से प्रवेश करने का प्रयास करने वालों को अमरीकी सीमा तक पहुंचने से पहले ही रोकने और वापस भेजने का कार्य कर रहा है। अपनी सीमाओं को सुरक्षित करके, हम न केवल अमरीकी नागरिकों की रक्षा कर रहे हैं, बल्कि अवैध आप्रवासन के कारण होने वाले दु:खों को भी रोक रहे हैं।
राष्ट्रपति ट्रम्प अवैध काम करने वालों को ज़िम्मेदार ठहरा रहे हैं
अमरीका सरकार उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है जो दूसरों को अवैध रूप से देश में प्रवेश करने में मदद करते हैं। इनमें तस्कर, मानव तस्कर, और यहां तक कि विदेशी सरकारी अधिकारी भी शामिल हैं जो अवैध आप्रवासन में मदद करते हैं। हाल ही में, विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने विदेशी अधिकारियों के लिए एक नई वीज़ा प्रतिबंध नीति की घोषणा की है जिसमें आप्रवासन, सीमा शुल्क और बंदरगाह प्राधिकरण के कर्मचारी शामिल हैं, जो अवैध आप्रवासन में मदद करते हैं। यह परिवहन और पर्यटन उद्योगों में मौजूद पहले से लागू प्रतिबंधों पर आधारित है। जो लोग अवैध आप्रवासन में मदद करके अमरीकी सुरक्षा को खतरे में डालते हैं, उनका हमारे देश में स्वागत नहीं है।
सही चुनाव करें, कानून का पालन करें, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करें
अमरीका में अवैध रूप से आप्रवासन करने के ़खतरे किसी भी संभावित लाभ से कहीं अधिक हैं। इच्छुक प्रवासियों की जान जा सकती है, वे अपराधियों का शिकार बन सकते हैं, और अपनी जमा पूंजी खो सकते हैं, जब उन्हें उनके देश वापस भेज दिया जाएगा। वैध प्रवेश न केवल अमरीकी कानूनों का उल्लंघन करता है, बल्कि यह प्रवासियों की सुरक्षा और भलाई को भी ़खतरे में डालता है।
दंड गंभीर हैं : जेल की सज़ा, परिवार और प्रियजनों से अलगाव और अमरीका में फिर से प्रवेश करने पर स्थायी प्रतिबंध। यदि आप किसी को जानते हैं जो अमरीका में अवैध रूप से रह रहा है, तो उनके लिए सबसे अच्छी बात यह होगी कि उन्हें अब छोड़ने के लिए प्रेरित करें, इससे पहले कि उन्हें हिरासत में लिया जाए और निर्वासित कर दिया जाए।
सभी के लिए संदेश सरल है : सही चुनाव करें, कानून का पालन करें और अपनी सुरक्षा, अपने परिवार और अपने भविष्य को जोखिम में न डालें।
-चार्ज डी. अफेयर, अमरीकी दूतावास, नई दिल्ली