सामाजिक व आर्थिक समानता के पक्षधर थे डा. अम्बेडकर
आज जयंती पर विशेष
भारतीय संविधान के निर्माता डा. भीमराव अम्बेडकर का जन्म 14 अप्रैल, 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। प्रत्येक वर्ष 14 अप्रैल को उनका जन्म दिन मनाया जाता है। देश के बहुसंख्य लोगों के मसीहा माने जाने वाले डा. भीमराव अम्बेडकर स्वतंत्र भारत के गरीब, वंचित व दलित समाज के श्रद्धापात्र हैं। देश के अनेक वर्गों के लोगों के वह साथ ऐसे जुड़े हुए हैं कि उन्हें अलग करना असंभव है। समय-समय पर आलोचनाओं के घेरे में आने के बावजूद डा. अम्बेडकर का राजनीतिक व सामाजिक अस्तित्व आज भी कायम है और आज भी उनके नाम पर सरकारें बनती हैं और उनके विचारों का अनुसरण किया जाता है। गरीब दलित परिवार में जन्म लेकर फ र्श से अर्श तक का सफर तय करने वाले डा. अम्बेडकर देश के संविधान के निर्माता तो हैं ही, आज भी सोशल इंजीनियरिंग का केन्द्र हैं।
डा. भीमराव अम्बेडकर के जीवन पर अपने पिता का बड़ा प्रभाव था जो विचारों से क्रांतिकारी थे और उनके संघर्ष से ही 1914 में सेना में महार बटालियन बनी थी। साथ ही साथ बुद्ध, कबीर और ज्योतिबा फुले के व्यक्तित्व का भी डा. अम्बेडकर पर गहरा प्रभाव पड़ा। उन्होंने बुद्ध से मानसिक शांति, कबीर से भक्ति तो ज्योतिबा फ ुले से अथक संघर्ष की प्रेरणा ले अपना जीवन स्वयं गढ़ा था। उनका सपना था कि भारत जाति-मुक्त हो, औद्योगिक राष्ट्र बने और सदैव लोकतांत्रिक बना रहे। डा. अम्बेडकर कुल 64 विषयों में मास्टर थे। वह हिन्दी, पाली, संस्कृत, अंग्रेज़ी, जर्मन, फ्रैंच, मराठी, गुजराती और पर्शियन भाषाओं के जानकार थे। इसके अतिरिक्त उन्होंने लगभग 21 वर्ष तक विश्व के सभी धर्मों की तुलनात्मक रूप से पढ़ाई की थी। वह अकेले ऐसे भारतीय हैं जिनकी प्रतिमा लंदन संग्रहालय में कार्ल मार्क्स के साथ लगाई गई है।
डा. अम्बेडकर मानते थे कि राजनीतिक स्वतंत्रता से पूर्व सामाजिक एवं आर्थिक समानता ज़रूरी है। छुआछूत व ऊंच-नीच के खिलाफ डा. अम्बेडकर का यह एक बहुत बड़ा निर्णय था। उनका मानना था कि भारतीय महिलाओं के पिछड़ेपन की मूल वजह भेदभावपूर्ण सामाजिक व्यवस्था और शिक्षा का अभाव है। उनका विचार था कि यदि हम लड़कों के साथ-साथ लड़कियों की शिक्षा पर भी ध्यान दें तो अधिक विकास कर सकते हैं। नारी शिक्षा पुरुष शिक्षा से भी अधिक महत्वपूर्ण है, क्योंकि पूरी पारिवारिक व्यवस्था का केन्द्र नारी होती है। आज डा. अम्बेडकर के नाम से वोटों की फसल काटने वाले तो बहुत हैं पर उनके दिखाए रास्ते पर बहुत कम ही लोग चलते हैं। इसी वजह से डा. अम्बेडकर का दलित-पिछड़ों के समन्वय का सपना मर गया सा लगता है। अभी भी भीमराव अम्बेडकर का सपना अधूरा है। गांवों में रहने वाले दलित अभी भी त्रस्त हैं। जब तक उन सभी को गरीबी की रेखा से ऊपर नहीं लाया जाता ,उनके लिए समाज के दूसरे वर्गों में सम्मान व बराबरी का भाव नहीं आ जाता, तब तक अम्बेडकर का मिशन बराबरी पूरा नहीं होगा। डा. अम्बेडकर सिर्फ दलित समस्याओं पर नहीं सोचते थे, अपितु ऐसे भारत का निर्माण करना चाहते थे जिसमें सभी को इन्साफ मिले। आज चिंतन की आवश्यकता है कि डा. अम्बेडकर को हम केवल दलितों तक ही सीमित रखकर उनका स्थान तय न करें, क्योंकि डा. अम्बेडकर ऐसे भारत के बारे में सोचते थे जिसमें विषमता न हो। संविधान सभा में दिया गया उनका भाषण इस बात का साक्षी है। तब उन्होंने कहा था, हमने कानून द्वारा राजनीतिक समानता की नींव तो रख दी है, परन्तु यह समानता तभी पूरी होगी, जब आर्थिक समानता भी देश में कायम होगी। इसी समानता को लाने के लिए वह चाहते थे कि कमज़ोर वर्ग को आरक्षण का लाभ मिले मगर आरक्षण की उनकी कल्पना केवल कुछ समय तक की ही थी।
डा. अम्बेडकर ने बहुत पहले ही इस बात को भांप लिया था कि राजनीतिक फ ायदे के चलते कुछ दल व लोग गलत तरीके से आरक्षण का लाभ प्राप्त करेंगे जिससे भारतीय समाज और भी ज्यादा टूटन का शिकार हो जाएगा। आज वही होता देखा जा रहा है। (युवराज)