पुलिस की बड़ी कार्रवाई 3 मुख्य आरोपी गिरफ्तार, डॉ. अनिलजीत कंबोज की हत्या की बनाई थी योजना
मोगा, 6 जुलाई - मोगा पुलिस ने एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और काउंटर इंटेलिजेंस के साथ संयुक्त अभियान में कनाडा स्थित गैंगस्टर लखवीर सिंह उर्फ लांडा हरिके द्वारा रची गई टारगेट किलिंग की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने इस मॉड्यूल के 3 मुख्य गुर्गों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों ने लखवीर सिंह उर्फ लांडा हरिके के निर्देश पर डॉ. अनिलजीत कंबोज की हत्या की योजना बनाई थी।
इस अभियान के दौरान आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ भी हुई, जिसमें आरोपियों के पैरों में गोली लगी है। उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम ने ह्यूमन इंटेलिजेंस और तकनीकी जानकारी के आधार पर इस पूरे मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए एक बड़ी घटना को टाला और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की।
इस मौके पर 2 पिस्तौल (30 बोर) और 10 जिंदा कारतूस, 1 पिस्तौल (32 बोर) और 3 जिंदा कारतूस और 1 कार बरामद की गई है।