बिलासपुर जिले में शनिवार तड़के फटा बादल कई वाहन मलबे
बिलासपुर, 13 सितंबर - हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शनिवार तड़के बादल फटने से कई वाहन मलबे में दब गए और खेत क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।उन्होंने बताया कि बादल फटने की घटना नैना देवी विधानसभा क्षेत्र के नम्होल क्षेत्र के गुटराहन गांव में हुई। स्थानीय निवासी कश्मीर सिंह ने बताया कि पानी के तेज बहाव के कारण मलबा खेतों में जमा हो गया और फसलें नष्ट हो गईं। कई वाहन मलबे में दब गए।
सीएम सुक्खू ने जताया दुख
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एक्स पर लिखा, "नाहन (बिलासपुर) में बादल फटने और मंडी जिले के धरमपुर क्षेत्र में भूस्खलन की घटना बेहद दुखद है। इन दोनों घटनाओं के कारण कई परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस संकट की घड़ी में मेरी संवेदनाएं हर प्रभावित परिवार के साथ हैं। राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की टीमें युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मलबे से घिरे मकानों को भी खाली करा लिया गया है।"