खतरनाक विषधर एडर सर्प को मारने वाला दाई टोड
दाई टोड एक शर्मीला टोड है। यह दिन के समय पत्थरों के नीचे, चट्टानों की दरारों में अथवा छोटे-छोटे स्तनपाई जीवों द्वारा छोड़ी गयी मांदों में छिपा रहता है। कुछ दाई टोड अपने अगले पैरों और थूथुन की सहायता से नम जमीन में मांदें खोद लेते हैं और इन्हीं में रहते हैं। दाई टोड की संख्या बहुत अधिक है, फिर भी यह रात्रिचर होने के कारण बहुत कम दिखाई देता है। इसकी एक प्रमुख विशेषता यह है कि यह मेंढक के समान छलांगें लगाकर नहीं चलता बल्कि धीरे-धीरे रेंगता हैं, किन्तु कभी-कभी इसे बहुत छोटी-छोटी छलांगे लगाते हुए तथा उछलते हुए भी देखा गया है। दाई टोड हमेशा रात्रि को अपने छिपने के स्थानों से बाहर निकलता है और अपने साथियों के साथ मिलकर घंटियों जैसी आवाजें निकालता है। इसीलिए कुछ लोग इसे घंटी टोड भी कहते हैं।
दाई टोड एक छोटे आकार का टोड है। इसके लंबाई 4 सेंटीमीटर से लेकर 6 सेंटीमीटर तक होती है। इसमें मादा का आकार नर से कुछ बड़ा होता है। दाई टोड का थूथुन नुकीला होता है एवं इसका सिर शरीर की तुलना में कुछ छोटा होता है। दाई टोड के पैरों में बहुत कम झिल्ली होती है। इसकी उंगलियों के केवल तिहाई भाग पर ही झिल्ली देखने को मिलती है। दाई टोड की पीठ और ऊपर के भाग का रंग ग्रे अथवा हल्का कत्थई होता है एवं पीठ पर छोटे-छोटे गोल मस्से होते हैं तथा पेट और नीचे का भाग मटमैलापन लिये सफेद होता है। इसकी दोनों आंखों के बीच में एक गहरा धब्बा होता है तथा छाती और गर्दन पर गहरे ग्रे धब्बे होते हैं। मादा दो टोड की बाह्य शारीरिक संरचना नर के समान होती है, किंतु इसके शरीर की दोनों बगलों में लाल रंग के मस्से पाए जाते हैं, जो नर टोड में देखने को नहीं मिलते।
दाई टोड दिन में आराम करता है और रात को शिकार की तलाश में निकलता है। इसका प्रमुख भोजन छोटे-छोटे कीड़े-मकोड़े, घोंघे और स्लग हैं। दाई टोड बहुत आलसी होता है। इसे यदि छेड़ दिया जाए तो भी यह अपने स्थान पर सुस्त पड़ा रहता है, किंतु फिर भी यह अपने शत्रुओं से बचा रहता है। इसका प्रमुख कारण इसके शरीर से निकलने वाला विष है। इसकी त्वचा के मस्सों से एक विशेष प्रकार का अत्यंत घातक विष निकलता है, जिससे इसके शत्रु निकट नहीं आते। एक दाई टोड में इतना विष होता है कि यह खतरनाक विषधर एडर सर्प को भी मार देता है। इसीलिए दाई टोड के संबंध में यह कहा जाता है कि इसे जो भी मांसाहारी जीव खा लेता है, वह फिर अन्य किसी जीव को खाने के लिये जीवित नहीं बचता।
दाई टोड का समागम काल अप्रैल से आरंभ होता है और पूरे वसंत एवं ग्रीष्म भर चलता है। समागम काल में रात के समय नर टोड पत्थरों के नीचे, चट्टानों की दरारों, पत्तियों के नीचे अथवा मांदों के भीतर से घंटी जैसी आवाजें निकालते हैं, जिनसे आकर्षित होकर समागम की इच्छुक मादाएं नर के पास पहुंच जाती हैं। इनमें बाह्य समागम तथा बाह्य निषेचन होता है। दाई टोड समागम हेतु पानी में नहीं जाता बल्कि पत्तियों के नीचे या चट्टानों की दरारों आदि में ही जोड़ा बनाता है। समागम के समय नर टोड मादा के ऊपर सवार हो जाता है और उसकी कमर पकड़ लेता है। इसके बाद नर मादा को उत्तेजित करने के लिए उसके छिद्र को अपने पीछे के पैरों से सहलाता है और प्राय: एक पैर की उंगलियां भीतर डाल देता है। नर टोड द्वारा मादा को उत्तेजित करने के ये सब कार्य लगभग 20 मिनट तक चलते हैं। अचानक मादा का संकेत पाकर नर अपनी गतिविधियां बंद कर देता है और मादा के ऊपर से हट जाता है। इसी समय मादा 20 से लेकर 100 तक अंडे देती है।
मेंढक और टोड के संबंध में पहले यह समझा जाता था कि इनके टेडपोल अपने मुंह का सहारा लेकर अंडे का आवरण तोड़ते हैं और बाहर निकलते हैं, किंतु टोड के गहन अध्ययन से यह मालूम हुआ है कि जन्म के समय मेंढक और टोड दोनों के टेडपोल का मुंह बंद रहता है। इनके अंडों में स्वत: एक छिद्र बन जाता है, जिससे, लगभग आधा घंटा प्रयास करने के बाद टेडपोल बाहर आ जाता है। जीव वैज्ञानिकों के अनुसार मेंढक तथा टेडपोल के नथुनों के मध्य एक ग्रंथि होती है, जिससे एक विशेष प्रकार का तरल पदार्थ निकलता है। इस तरल पदार्थ में धुलकर अंडे का आवरण कमजोर हो जाता है तथा उसमें एक स्थान पर एक छोटा सा छेद हो जाता है। यह ग्रन्थि उन सभी मेंढकों और टोडों में पायी जाती है, जिनके अंडों से पानी में टेडपोल निकलते हैं। जिन मेंढकों और टोडों के अंडे जमीन पर फूटते हैं, उनमें यह ग्रन्थि नहीं पाई जाती। इनके टेडपोल अंडों का आवरण काटकर बाहर निकलते हैं। हरित गृह मेंढक इसका सर्वोत्तम उदाहरण है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर



