रेतीले धोरों पर राजस्थान की विरासत का महाकुम्भ
पुष्कर मेला पर विशेष
अजमेर ज़िले की पवित्र नगरी पुष्कर में विश्व प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय पुष्कर मेला 2026 का भव्य आगाज हो चुका है और इसी के साथ राजस्थान की रंग-बिरंगी पगड़ियों, लोकसंगीत की मधुर धुनों व गहरी आध्यात्मिक आस्था का अनूठा संगम एक बार फिर जीवंत हो उठा है। 17 नवम्बर से शुरू होकर 24 नवम्बर तक चलने वाले इस आठ दिवसीय महाउत्सव ने रेतीले धोरों पर उत्सव, व्यापार और अध्यात्म की ऐसी छटा बिखेरी है, जिसे देखने के लिए देश के कोने-कोने से ही नहीं, सात समंदर पार से भी हजारों विदेशी पर्यटक खिंचे चले आए हैं। पारंपरिक पूजा, ध्वजारोहण और नगाड़ों की गूंज के साथ शुरू हुआ यह मेला आज भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा प्रतीक बन चुका है।
पुष्कर मेले का ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व
पुष्कर मेला मूल रूप से दो धाराओं (धार्मिक आस्था और पशु व्यापार) का एक दुर्लभ संगम है, जिसकी मिसाल दुनिया में विरले ही देखने को मिलती है। हिंदू पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, पुष्कर को सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा की तपोभूमि माना जाता है। यही वह पावन धरा है, जहां ब्रह्मा जी ने सृष्टि के कल्याण हेतु महायज्ञ किया था और यहां विश्व का एकमात्र प्राचीन एवं प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर स्थापित है। कार्तिक मास में आयोजित होने वाले इस मेले का आध्यात्मिक उत्कर्ष कार्तिक पूर्णिमा पर देखने को मिलता है। मान्यता है कि कार्तिक मास की एकादशी से पूर्णिमा तक पुष्कर सरोवर में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। देशभर से साधु-संतों, महंतों और श्रद्धालुओं का आगमन इस पावन नगरी को आध्यात्मिक चेतना से सराबोर कर रहा है। मेले की पहली ही संध्या पर पवित्र पुष्कर सरोवर के सभी घाटों पर सामूहिक दीपदान का अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब हजारों दीयों की रोशनी से सरोवर का जल जगमगा उठा।
रेतीले धोरों में सजे पशु बाजार की बदलती तस्वीर
पुष्कर मेले की पहचान केवल धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है बल्कि सदियों पुरानी पशु व्यापार परम्परा भी इसकी विशिष्ट पहचान रही है। कभी यह मेला थार मरुस्थल के पशुपालकों के लिए ऊंटों, घोड़ों, गायों, बैलों और अन्य मवेशियों की खरीद-बिक्री का सबसे बड़ा केन्द्र हुआ करता था। राजस्थान ही नहीं, आसपास के राज्यों से भी पशुपालक अपने बेहतरीन पशुओं को लेकर यहां पहुंचते हैं। वे महीनों पहले से अपने पशुओं को विशेष रूप से सजाने-संवारने और उनकी देखभाल करने में जुट जाते हैं ताकि मेले में उन्हें आकर्षक कीमत मिल सके। समय के साथ पशु व्यापार का स्वरूप भी बदला है। अब यहां पशुओं की खरीद-बिक्री के साथ उनकी नस्ल, कद-काठी, शारीरिक बनावट और विशेष गुणों का प्रदर्शन भी आकर्षण का केन्द्र बनता है। ऊंटों की साज-सज्जा, घोड़ों की शान और उत्कृष्ट नस्लों की प्रतिस्पर्धा इस मेले को विशिष्ट पहचान प्रदान करती है।
गोल्डन किंग की शान, बादल का रुतबा और नगीना की अदाएं
इस वर्ष पुष्कर मेला केवल धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और पशु व्यापार के लिए नहीं, अपने बेशकीमती और अनोखे पशुधन के कारण भी विशेष चर्चा में है। मेले में पहुंचे कुछ शाही घोड़े अपनी करोड़ों रुपये की कीमत, आकर्षक कद-काठी और राजसी ठाठ के चलते लोगों के आकर्षण का केन्द्र बने हुए हैं। विशालकाय भैंसे, नन्ही गाय और विदेशी नस्ल के पालतू पशु भी पर्यटकों की उत्सुकता बढ़ा रहे हैं। इस बार मेले का सबसे चर्चित आकर्षण ‘गोल्डन किंग’ नामक मारवाड़ी नस्ल का घोड़ा है। सूरत से आए डा. केदार पारीक के इस शाही अश्व की कीमत 21 करोड़ रुपये बताई जा रही है। करीब 65 इंच ऊंचे इस घोड़े की विशेष देखभाल पर काफी खर्च किया जाता है। बताया जाता है कि इसे प्रतिदिन 10 लीटर दूध और मिनरल वाटर दिया जाता है। इसकी ब्रीडिंग फीस लगभग डेढ़ लाख रुपये है और इसकी सुरक्षा के लिए बाउंसर भी तैनात रहते हैं। दिलचस्प बात यह है कि इतनी ऊंची कीमत मिलने के बावजूद इसके मालिक इसे बेचने के इच्छुक नहीं हैं। उन्होंने इसे अपनी बेटी को उपहार देने के लिए खरीदा था।
इसी तरह ‘बादल’ नाम का नुगरा नस्ल का घोड़ा भी मेले में खूब सुर्खियां बटोर रहा है। सफेद और गुलाबी रंगत वाले इस आकर्षक घोड़े की ऊंचाई 70 इंच से अधिक बताई जाती है और इसकी कीमत भी लगभग 21 करोड़ रुपये आंकी गई है। मेले में इसकी शाही एंट्री के दौरान लोगों ने नोटों की बारिश कर इसका स्वागत किया। वहीं मारवाड़ी नस्ल की ‘नगीना’ नामक घोड़ी अपनी शानदार चाल और आकर्षक कद-काठी के कारण चर्चा में है। इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। घोड़ों के अलावा लगभग 800 किलोग्राम वजनी मुर्रा नस्ल का ‘छोटा सुल्तान’ नामक भैंसा भी लोगों के आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। इसकी विशाल काया और दमखम देखकर पर्यटक इसके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए उत्साहित रहते हैं। वहीं महज 15 इंच ऊंचाई वाली नन्ही गाय अपने अनोखे लघु आकार से लोगों को हैरान कर रही है। इस बार मेले में विदेशी पालतू पशुओं की मौजूदगी ने भी आकर्षण बढ़ाया है। 2.5 लाख रुपये कीमत की टॉय पूडल मादा कुतिया के अलावा पर्शियन कैट, लैब्राडोर और जर्मन शेफर्ड भी लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। इस तरह पुष्कर मेला अब पारंपरिक पशु व्यापार से आगे बढ़कर दुर्लभ नस्लों, बेशकीमती पशुधन और पशुपालकों के अनूठे शौक का अंतर्राष्ट्रीय मंच बनता जा रहा है। यहां हर पशु अपने साथ एक अलग कहानी, अलग पहचान और आकर्षण का नया संसार लेकर पहुंचा है।
घूमर की थिरकन, मूंछों की शान, खेलों का रोमांच
पुष्कर मेले की वास्तविक जीवंतता राजस्थान की समृद्ध लोक-संस्कृति, पारंपरिक खेलों व अनूठी प्रतियोगिताओं में देखने को मिलती है। यहां मनोरंजन की विविध छटाएं ऐसी बिखरती हैं कि देशी और विदेशी पर्यटक भी एक ही उत्सव के रंग में रंग जाते हैं। राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कालबेलिया नृत्य की लचक, घूमर की मनमोहक छटा, तेरहताली की अनूठी लय, कठपुतली नृत्य की रोचक प्रस्तुतियां और लोकगीतों की मधुर स्वर लहरियां दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देती हैं। इस वर्ष मेले में पारंपरिक खेलों के साथ अंतर्राष्ट्रीय मैत्री प्रतियोगिताओं का भी विशेष आकर्षण है। मेले की शुरुआत में भारतीय व विदेशी पर्यटकों के बीच ‘चक दे इंडिया’ की थीम पर आयोजित फुटबॉल मैच ने खेल भावना और सांस्कृतिक एकता का खूबसूरत संदेश दिया। इसके अलावा कबड्डी, वॉलीबॉल और रस्साकशी में भी पर्यटक उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। ग्रामीण खेलों की विरासत को जीवित रखने के लिए सतोलिया, गिल्ली-डंडा और लंगड़ी टांग जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। मेले की सबसे दिलचस्प गतिविधियों में पुरुषों की सबसे लंबी मूंछ प्रतियोगिता और पगड़ी बांधने की स्पर्धा शामिल हैं। महिलाओं के लिए मटका दौड़ और म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताएं उत्साह बढ़ाती हैं। वहीं, सजे-धजे ऊंटों की दौड़, ऊंट नृत्य और घोड़ों के लयबद्ध करतब दर्शकों को रोमांचित कर देते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से पुष्कर मेला केवल मनोरंजन का उत्सव नहीं बल्कि राजस्थान की लोकपरंपराओं, सामुदायिक सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का जीवंत मंच बन जाता है।
हस्तशिल्प, स्वाद और पर्यटन के रंग
पुष्कर मेले की रौनक केवल धार्मिक आयोजनों, पशु व्यापार और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं है, यहां सजा पारंपरिक हाट-बाजार भी पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र बना है। मेले में राजस्थान की समृद्ध हस्तशिल्प परंपरा की मनोहारी झलक देखने को मिलती है। रंग-बिरंगी बंधेज साड़ियां, जयपुरी रजाइयां, लाख की चूड़ियां, ऊंट के चमड़े से बनी पारंपरिक मोजड़ियां, चांदी के आभूषण व पीतल की कलात्मक वस्तुएं खरीदारी के शौकीनों को खूब लुभा रही हैं। वहीं राजस्थानी खानपान का स्वाद भी मेले के अनुभव को यादगार बना रहा है। दाल-बाटी-चूरमा, कढ़ी-कचौरी, मावा कचौरी और मालपुर जैसे पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू और लजीज स्वाद पर्यटकों को राजस्थान की पाक विरासत से रूबरू करा रहे हैं। वास्तव में, पुष्कर मेला केवल एक धार्मिक आयोजन या व्यापारिक गतिविधि नहीं बल्कि भारत की अतिथि देवो भव की परंपरा, सांस्कृतिक विविधता और लोकजीवन का जीवंत उत्सव है। एक ओर पवित्र सरोवर में कार्तिक स्नान, दीपदान और महाआरती आध्यात्मिक शांति का अनुभव कराते हैं तो दूसरी ओर रेतीले धोरों पर गूंजते लोकगीत, सजे-धजे पशु और रंगीन परंपराएं जीवन में उल्लास भर देती हैं। 24 नवम्बर तक चलने वाला यह महोत्सव देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए अविस्मरणीय अनुभवों और सुनहरी यादों की सौगात बन रहा है।





