इटली को देर से समझ आयी मटेरा की विषम सुंदरता
संसार में कुछ ही शहर हैं, जो मटेरा की तरह ऐतिहासिक घुमेर उत्पन्न करते हैं; एकदम से सिर्फ वाराणसी, रोम, जेरूसलम व पेट्रा के ही नाम ध्यान में आते हैं। इन शहरों में एक बात समान है कि इन्हें आज भी इनके ऐतिहासिक संदर्भों से अलग करके नहीं देखा जा सकता। मटेरा भी संसार के सबसे पुराने शहरों में से एक है। एक समय था जब यह इटली को शर्मसार करने वाला, उसके माथे पर बदनुमा दाग था लेकिन आज यह ऐसी सांस्कृतिक राजधानी है, जिस पर गर्व किया जाता है। आखिर यह परिवर्तन कैसे आया?
फासीवाद का विरोध करने के लिए कार्लो लेवी को सज़ा के तौर पर इटली के बैसिलिक क्षेत्र में स्थित मटेरा में निर्वासित कर दिया था। मटेरा में जो जीवित रहने की स्थितियां थीं, उनका वर्णन करते हुए लेवी ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि ‘दाते की नरक की जो कल्पना एक स्कूली छात्र कर सकता है’ मटेरा बिल्कुल वैसा है। लेवी के लेखों व पेंटिंग्स ने अनंत: दूसरे विश्व युद्ध के बाद इटली में जो सरकार बनी, उसे इस शहर को बंद करने के लिए मजबूर कर दिया। इसके शहरियों को जबरन पास में बनाये गये मकानों में भेज दिया गया।
हाल के वर्षों में ही मटेरा ऐतिहासिक चमत्कार के रूप में उभरकर सामने आया है। लोगों को अब यहां मकान खरीदने की अनुमति है, लेकिन इस शर्त पर कि वह इन्हें रेनोवेट करेंगे। अब आहिस्ता आहिस्ता यहां रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउस व दुकाने भी खुल गयी हैं, इस उम्मीद में कि मटेरा की बढ़ती लोकप्रियता पर्यटकों को आकर्षित करेगी और कमाई होगी। ध्यान रहे कि मेल गिब्सन ने अपनी फिल्म ‘द पैशन ऑ़फ क्राइस्ट’ का काफी हिस्सा यहीं शूट किया था, जिसकी वजह से भी इसका महत्व पर्यटकों के लिए बढ़ गया है।
मटेरा में लोग पहाड़ियों में गुफाएं काटकर उनमें रहा करते थे; इसलिए यहां जो रिहायशी क्षेत्रों और लैंडस्केप में संगम है, वह विशेषरूप से ़गज़ब का है। अब जब यह शहर पूर्णत: कुलीन व इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ पहले जैसा हो गया है, तो कोई इसे स्लम के रूप में नहीं सोचेगा, जैसा कि हाल के दिनों तक इसे कहा जाता था। अधिकतर मकान गुफाओं का विस्तार हैं, जो स्ट्रीट व टेरेस की भूलभुलैया में खुलते हैं और वाइल्ड शहरी कल्पना को भी पीछे छोड़ जाते हैं। हां, मटेरा की विषम सुंदरता को समझने में इटली व संसार को दशकों लगे।
यह मुख्य महत्व का मानव आर्टिफैक्ट किसी एक आर्किटेक्ट ने निर्मित नहीं किया था बल्कि यह हज़ारों वर्ष के इतिहास में अज्ञात लोगों की पीढ़ियों ने विकसित किया है। यह आश्चर्यजनक है कि जिस आर्गेनिक आर्किटेक्चर को अविकास व कठिनाई का प्रतीक समझा जाता है, आज उसी का जश्न यूनेस्को के वर्ल्ड हेरिटेज के तौर पर मनाया जा रहा है। लोग गुफाओं में रहें- यह विचार इटली की आत्म-छवि के अनुरूप नहीं था, जो दूसरे विश्व युद्ध के बाद अपने को आधुनिक देश के रूप में प्रस्तुत करने के प्रयास में था। जब कार्लो लेवी ने ‘क्राइस्ट स्टॉपड एट एबोली’ लिखी थी, तो वह ग्रामीण इटली में किसानों की दयनीय स्थिति की आलोचना कर रहे थे न कि किसी विशेष जाति विज्ञान की। यह संभव था कि जो लोग गुफाओं में रह रहे थे उनकी स्थिति क्षेत्र में भूमिरहित किसानों से बेहतर हो। शायद यही कारण था कि गुफाओं में रहने वालों ने दूसरी जगह भेजे जाने का वर्षों तक विरोध किया।
बहरहाल, 1950 के दशक में तत्कालीन प्रधानमंत्री अल्सिदे डे गस्पेरी ने मटेरा को ‘इटली की शर्म’ कहा और इस पिछड़ी बस्ती के विरुद्ध अभियान छेड़ा। विरोधाभास देखिये कि जिन आधुनिक हाउसिंग ब्लॉक्स में गुफाओं में रहने वालों को शिफ्ट किया गया था, वह अब मरम्मत किये गये ऐतिहासिक मटेरा की तुलना में बहुत बेकार लगते हैं। जब एक मार्गीय ‘विकास’ की दौड़ हावी थी तो आज जो हेरिटेज की रूप में अच्छा व ठीक है, वह रिहायशी क्षेत्र के रूप में पूर्णत: अस्वीकार्य था। उस दौड़ में रेट्रोफिटिंग मॉडर्न इंफ्रास्ट्रक्चर और लोगों को अपनी रहने की स्थितियों में सुधार लाने में मदद करना विकल्प ही नहीं था। एकमात्र रास्ता यह था कि लोगों को उनकी इच्छा के विरुद्ध मास हाउसिंग में ठूंस देना। मटेरा के लिए इसका अर्थ था कि पूरे शहर को ही ‘भूतिया महल’ में बदल देना, जहां कोई रहता न हो। अगर उस समय उनका वश चलता तो पूरे शहर पर ही बुल्डोजर चला देते, लेकिन शुक्र है कि गुफाओं को आसानी से मिटाया नहीं जा सकता था।
आप यह न सोचें कि इस प्रकार की क्रूरता 50 व 60 के दशकों में ही होती थी, कड़वा सच यह है कि संसार के अनेक क्षेत्रों में ऐतिहासिक रिहायशी क्षेत्रों को ऐसे ही नष्ट किया जा रहा है। भारत में भी जहां लोग घने संदर्भों में रह रहे हैं, वहां पुरानी व नई बस्तियां मानवता से भरी हैं और देशज व स्वत: विकसित ताने बाने व जाति विज्ञान पर अधिक ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यहां भी समाधान यही प्रतीत हो रहा है कि लोगों को मास हाउसिंग में धकेल दिया जाये और प्राचीन बस्ती को शर्मनाक याद के तौर पर नष्ट कर दिया जाये। मटेरा के हज़ारों साल के इतिहास व उसके आधुनिकता में विवादित प्रवेश से निश्चितरूप से काफी कुछ सीखा जा सकता है- प्राचीन बस्तियों में अक्सर कुछ अमान्यता प्राप्त क्षमता होती है, जो हमारी आधुनिक कल्पना में आने से रह जाती है। यही कारण है कि मटेरा पर्यटकों की विश लिस्ट का हिस्सा बनता जा रहा है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर





