क्या स्क्रीन से ऊबे लोग किताबों की ओर लौट रहे हैं ?

एक ज़माना था जब किताबें सिर्फ  ज्ञान का माध्यम नहीं, बल्कि मनुष्य की निजी दुनिया का विस्तार हुआ करती थीं। फिर हर सवाल का जवाब मोबाइल आया, सोशल मीडिया आया, ओटीटी और शॉर्ट वीडियो की ऐसी बाढ़ आयी कि लगा छपे हुए शब्दों को पढ़ना तो जैसे गुज़रे ज़माने की बात हो। लेकिन 2026 में अब तक पुस्तकों की बिक्री के जो आंकड़े आये हैं, वे इस आशंका को सिरे से खारिज करते नज़र आ रहे हैं। ऐसे में यह सुखद सवाल खड़ा हो गया है कि क्या सचमुच किताबें लौट रही हैं? इस सवाल का ताज़ा जवाब कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलोंगिंग : अ जर्नी ऑफ  लव’ की बिक्री में दिखाई देता है। गत 10 नवम्बर, 2026 को बाज़ार में आयी इस पुस्तक की एक सप्ताह के भीतर दो लाख से अधिक प्रतियां बिकने का दावा, इसके प्रकाशक हार्पर कॉलिंस इंडिया के सीईओ अनंत पद्मनाभन ने किया है। उनके मुताबिक विमोचन के पहले दस मिनट में ही 15 हज़ार से अधिक प्रतियां वितरित की गईं। इसे भारतीय प्रकाशन उद्योग के सबसे तेज शुरुआती बिक्री रिकॉर्ड में शामिल किया गया है।
दिल्ली के खान मार्केट से लेकर दूसरे शहरों की किताबों की दुकानों तक पाठकों की दिलचस्पी इस किताब में दिखाई दी। एक अंग्रेज़ी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक एक बुक स्टोर ने पहले दिन मंगाई गई करीब 500 प्रतियों में से 100 से अधिक बेच दीं इसलिए फिर 350 प्रतियों का अतिरिक्त ऑर्डर दिया। देश की प्रसिद्ध पुस्तक विक्रेता के मुताबिक पुस्तक के लिए 1,000 से 2,000 तक प्री-ऑर्डर मिले और बिक्री शुरु होने के बाद ही तेज़ी से आठ हज़ार के करीब पहुंच गई। 1,299 रुपये कीमत की हार्डकवर पुस्तक को खरीदने के लिए युवाओं की जिस तरह मौजूदगी देखी गई, वह उल्लेखनीय बात रही। हालांकि एक चर्चित राजनीतिक व्यक्तित्व की किताब की बिक्री को पूरे समाज में पढ़ने की वापसी का प्रमाण नहीं माना जा सकता। लेकिन क्या वाकई लोग किताबों की तरफ लौट रहे हैं, इसे समझने के लिए हमें देश और दुनिया के पुस्तक बाज़ार के आंकड़ों पर एक नज़र डालना ज़रूरी है। 
नील्सन आईक्यू बुकडेटा और जीएफ के एंटरटेनमेंट के अंतरराष्ट्रीय पुस्तक बाजार अध्ययन के मुताबिक 2026 की पहली छमाही में दुनिया के 19 बाज़ारों में से 11 में पुस्तकों की बिक्री से होने वाली आय बढ़ी है। इन बाज़ारों में भारत का बाज़ार सबसे आगे रहा। यहां पुस्तक बिक्री का मूल्य पिछले वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 16.7 प्रतिशत बढ़ा, जबकि बेची गई पुस्तकों की संख्या में भी 8.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह अंतर महत्वपूर्ण है। क्याेंकि केवल कीमतें बढ़ने से बाज़ार की आय बढ़ सकती है, लेकिन जब बिकने वाली प्रतियों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी होती है, तो इसका मतलब है कि पाठकों की वास्तविक मांग में विस्तार हो रहा है। भारत के साथ ब्राज़ील में भी पुस्तकों की बिक्री में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इससे पहले 2025 के पहले आठ महीनों में भी भारत ने 19 देशों के अध्ययन में पुस्तक बिक्री से होने वाली आय में 28.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की थी। 
पुस्तकों की बढ़ती बिक्री का एक प्रमाण इस साल के विभिन्न पुस्तक मेलों में देखने को मिला। जनवरी 2026 में कोझिकोड के केरल लिटरेचर फेस्टिवल में सात लाख से अधिक लोग पहुंचे, पांच दिनों में वहां पुस्तक बिक्री दो करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर गई। इसी तरह कोलकाता पुस्तक मेले में 32 लाख लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि पिछले साल यह संख्या 27 लाख थी। नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में आयोजकों ने दर्शकों की संख्या में 20 प्रतिशत वृद्धि की सूचना दी। इसी तरह जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में 44 हज़ार से अधिक किताबें बिकीं। ये सब आंकड़े बताते हैं कि पुस्तकें अब केवल खरीदने की वस्तु नहीं बल्कि सार्वजनिक जीवन और सांस्कृतिक मेल-मिलाप का हिस्सा भी बन रही हैं।
इस बदलाव की पहली बड़ी वजह है डिजिटल थकान। लगातार नोटिफि केशन, रील, संदेश और सूचनाओं के बीच मनुष्य का ध्यान लगातार खंडित हो रहा है। मोबाइल पर हज़ारों शब्द पढ़ने के बावजूद एक विषय पर लगातार आधा घंटा टिकना मुश्किल होता जा रहा है। किताब इसके विपरीत एकाग्रता और मानसिक एकांत उपलब्ध कराती है। दूसरी बड़ी वजह है नई पीढ़ी का किताबों से जुड़ने का नया तरीका। यह धारणा कि युवा केवल मोबाइल पर समय बिताते हैं, अब पूरी तरह सही नहीं रह गई है। नील्सन बुक्स एंड कंज्यूमर स्टडी के जुलाई 2024 से मार्च 2025 के आंकड़ों के मुताबिक भारत में 16 से 24 वर्ष के पाठक प्रिंट पुस्तकों की खरीद में लगभग 37 प्रतिशत हिस्सेदारी रखते हैं। तीसरी वजह सोशल मीडिया की वह भूमिका है, जिसे कभी किताबों का प्रतिद्वंद्वी माना जाता था। 
सोशल मीडिया जैसे मंच अब किताबों की खोज और प्रचार का माध्यम बन गए हैं। लोग किसी पुस्तक को केवल विज्ञापन देख कर नहीं बल्कि दूसरे पाठकों की प्रतिक्रिया और अनुभव के आधार पर खरीद रहे हैं। एक अच्छी समीक्षा हज़ारों नए पाठकों तक पुस्तक पहुंचा सकती है। यह बदलाव केवल भारत तक सीमित नहीं है। अमरीका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों में भी पुस्तक बाज़ार के भीतर नए रुझान दिखाई दे रहे हैं। भारत में नील्सन आईक्यू बुकडेटा और फेडरेशन ऑफ इंडियन पब्लिशर्स की सितम्बर 2026 में जारी इंडिया बुक मार्केट रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय पुस्तक प्रकाशन बाज़ार के 2030-31 तक 21.4 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। इस बाज़ार में प्रिंट, डिजिटल, शैक्षणिक और शोध प्रकाशन सहित कई क्षेत्र शामिल हैं। इसलिए इस आंकड़े को केवल सामान्य पाठकों द्वारा खरीदी जाने वाली छपी किताबों का बाजार नहीं समझना चाहिए। सोनिया गांधी की किताब की बिक्री एक बड़ी घटना है, लेकिन इस कहानी का वास्तविक नायक कोई एक लेखक, प्रकाशक या चर्चित किताब नहीं है। असली नायक वह पाठक है, जो तमाम डिजिटल शोर के बीच फिर से कुछ पन्ने पलटने के लिए समय निकाल रहा है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#क्या स्क्रीन से ऊबे लोग किताबों की ओर लौट रहे हैं ?