ब्रितानी लेखक एम. जॉन हैरिसन को मिला वर्ष 2026 का बुकर प्राइज़

‘द एंड ऑ़फ एवरीथिंग’ को अब से कुछ दशक बाद के केंट तट पर सेट किया गया है, भयावह आपदा के बाद जिसे कोई भी सही से समझ नहीं पाता है और न ही किसी को इसके लिए ज़िम्मेदार ठहराया जा सकता है। विशाल आकार-बदलते प्राणी रहस्यमय आईघेट्टी, जिसकी उत्पत्ति व इरादों को स्पष्ट नहीं किया गया है, के निरंतर बढ़ते खतरे की पृष्ठभूमि में फिलिप टेंनेंट अपनी बूढ़ी होती आंटी मरनिए के साथ ज़िंदा रहने का प्रयास करते हैं। मात्र 198 पृष्ठों के शोर्टलिस्ट पर सबसे छोटे इस उपन्यास ने 81-वर्षीय ब्रिटिश लेखक एम. जॉन हैरिसन को वर्ष 2026 के बुकर प्राइज से सम्मानित करा दिया है, जिसके लिए उन्हें लंदन में 9 नवम्बर, 2026 की शाम को 50,000 पौंड व आईरिस ट्राफी प्रदान की गई। पिछले छह दशकों से लेखन कार्य से जुड़े हैरिसन बुकर प्राइज हासिल करने वाले सबसे बुज़ुर्ग उपन्यासकार हैं, जबकि उनसे पहले यह उपलब्धि 79 वर्षीय मार्गरेट एटवुड के नाम थी, जिन्होंने ‘द टेस्टामेंट्स’ के लिए 2019 में यह पुरस्कार साझा किया था। यह पहला अवसर है जब साइंस-फिक्शन से संबंधित किसी उपन्यास को बुकर प्राइज से सम्मानित किया गया है। 
‘द एंड ऑ़फ एवरीथिंग’ एक ऐसी किताब है, जो आपको सिर के बल खड़ा कर देगी, सूखी सी मुस्कान आपके होंठों पर आयेगी और आश्चर्यजनक रूप से, इसकी विषय-वस्तु को देखते हुए, आपमें आशावाद की एक हल्की सी चुभन रह जायेगी। इस पुस्तक का एक मुख्य बिंदु यह है कि ऐसी कयामत अगर या जब भी, आयेगी तो उसे समझना नामुमकिन होगा, पुराने नियम भी लागू नहीं होंगे। यह आज की राजनीति है, जिसे भविष्य के लेंस से देखा गया है। पुस्तक की प्रेरणा के संदर्भ में हैरिसन का कहना है, ‘द एंड ऑ़फ एवरीथिंग आपदा कथा है, जिसमें आपदा वह नाकामी है, जिसे समझा नहीं जा सकता। इसमें एलियंस ‘नये मेहमानों’ के रूप में एक अलग दिशा से आते हैं।’ हैरिसन स्वीकार करते हैं कि ‘चरित्रों के कुछ रहस्य व उलझन’ पाठकों तक पहुंचा दिये हैं, इस उम्मीद से कि मुद्दे पारदर्शी हैं, जिनमें से एक यह भी है कि ‘ट्रम्पवाद व इंटरनेट के दौर में तर्कशीलत ध्वस्त हो गई है’। 
बहरहाल, इस बात से इन्कार नहीं किया जा सकता कि पुस्तक पढ़ने में आसान नहीं है। यह निश्चितरूप से इस समय जो जीवन है, उसकी भयावह असुरक्षा का पर्दाफाश करती है। लेकिन यह किताब हर किसी के लिए नहीं है। वैसे एआई के युग में यह जीत एकदम सही समय पर आयी है। आईघेट्टी में जो ‘आई’ है वह कुछ डिजिटल की ओर इशारा करती प्रतीत होती है, लेकिन यकीन से कुछ कहा नहीं जा सकता। एक आलोचक ने किताब में जो कयामत के बाद का लैंडस्केप है, उसे ‘लार्ज लैंग्वेज मॉडल-डॉटेड’ बताया है। इस वर्ष की शोर्टलिस्ट में दो पूर्व बुकर विजेता शामिल थे- मार्लोन जेम्स, जो स्टोरियों के फेवरेट थे, ‘द डिसअपेर्स’ के लिए और डगलस स्टुअर्ट ‘जॉन ऑ़फ जॉन’ के लिए। इस सूची को पुल्तिज़र प्राइज वेजेता एलिज़ाबेथ स्ट्राउट (द थिंग्स वी नेवर से), लियूक केन्नार्ड (ब्लैक बैग) और रेबेका पैरी (मे वी फीड द किंग) ने पूरा किया। इन सभी शोर्टलिस्ट लेखकों को 2,500 पौंड दिये गये। इन दिगज्जों के बीच में विजयी होना हैरिसन के लिए दुर्लभ पल इस लिहाज़ से रहा कि उन्हें साहित्य की मुख्यधारा ने पहचाना। जबकि अपने समकालीनों में लम्बे समय से सम्मान पाने के बावजूद वह साहित्य फिक्शन के हाशिये पर ही थे, साइंस-फिक्शन लिखने की वजह से। हैरिसन का कहना है, ‘एक उपन्यासकार व आलोचक होने के नाते मैं पिछले 40 से 50 वर्षों से संतुलन बनाने की कोशिश कर रहा हूं। एक अच्छे लिखे हुए साइंस-फिक्शन कार्य को साहित्यिक फिक्शन का दर्जा क्यों नहीं दिया जाना चाहिए? मुझे लगता है कि विधाओं को सीमाओं व दड़बों में बंद करने का समय गुज़र चुका है। मेरी किताब और अब यह ईनाम दिखाते हैं कि सिर्फ दो नहीं बल्कि 3 या 4 विधाओं को शामिल करके भी किताब का लिखना संभव है।’ 
हैरिसन का जन्म 1945 में रग्बी, वार्विकशायर में हुआ था। उनके अपने इंजीनियर पिता के साथ कठिन संबंध थे। वह जब 13 साल के थे उनके पिता का निधन हो गया था। वह क्लासरूम से भागकर अपना अधिकतर समय स्थानीय लाइब्रेरी में बिताना पसंद करते थे। उनके अनुसार, ‘उस समय पुस्तकालयों की सबसे अच्छी बात यह थी कि किताबों पर धूल जमी हुई नहीं होती थी। मैं किताब उठाता, दो पेज पढ़ता और सोचता ‘ओ यह तो बहुत अजीब है, वह रोब्बे-ग्रिल्लेट निकलता, जिससे एंटी-नावेल के दरवाज़े खुल जाते। यह वह बल्लार्ड होता या कोई अन्य साइंस फिक्शन पुस्तक। आपको मालूम न होता कि क्या चीज़ सामने आने वाली है।’ जब हैरिसन ने 1950 के दशक में अपनी किशोरावस्था में लिखना शुरू किया तो अनेक मासिक पत्रिकाएं फंतासी व साइंस फिक्शन को प्रकाशित करना पसंद करती थीं। उन्होंने अपनी पहली कहानी 1965 में बेची और 1970 के दशक का अधिकतर हिस्सा ‘न्यू वर्ल्ड्स’ पत्रिका में काल्पनिक फिक्शन में गुज़ारा। अपने ब्लॉग में हैरिसन ने ‘द एंड ऑ़फ एवरीथिंग’ को एक ऐसी किताब बताया है जिसे 1967 में ‘न्यू वर्ल्ड्स’ धारावाहिक के रूप में प्रकाशित कर सकता था। 
उपन्यासों के अतिरिक्त उन्होंने पांच कहानी संग्रह और एक ‘एंटी-मेमॉयर’ ‘विश आई वाज़ हियर’ (2023) की भी रचना की है। उनके उपन्यास ‘क्लाइंबर्स’ को 1989 में बोर्डमैन टास्कर प्राइज मिला, 2007 में आर्थर सी क्लार्क अवार्ड ‘नोवा स्विंग’ के लिए मिला और 2020 में गोल्डस्मिथस प्राइज ‘द सनकन लैंड बिगिन्स टू राइज़ अगेन’ के लिए हासिल किया। हैरिसन एक समय में पर्वतारोही और फेल रनर (एक लीक से हटकर खेल जिसमें पहाड़ों के ऊपर-नीचे दौड़ा जाता है) थे। वह 2022 में बुकर के निर्णायक पैनल के सदस्य भी थे। ‘द एंड ऑ़फ एवरीथिंग’ हैरिसन का 13वां उपन्यास है। वह अपनी उम्र के इस पड़ाव में अपनी श्रेष्ठ रचनाओं को कलमबंद कर रहे हैं। साइंस फिक्शन लिखने के सिलसिले में उनका कहना है, ‘अगर बार्न्स (दक्षिण पश्चिम लंदन, जहां वह रहते थे) के नदी किनारे वाले पब में हमें असल एलियन बैठा हुआ मिल जाये, तो हमें तनिक भी संकेत नहीं मिलेगा कि वह क्या सोच रहा है या उसने वह क्यों किया या वह सोच रहा हो कि उसने कुछ किया है। साइंस फिक्शन अक्सर इस विचार पर लफ्फाज़ी करता है, लेकिन कभी पाठक तक उस एहसास को पहुंचाता नहीं है।’ 
हैरिसन का मानना है कि इस समय का संसार निराशजनक है, जिसमें निराशा निरंतर बढ़ती रहेगी। इसके अंत में, उनके अनुसार, कोई उम्मीद या क्लोज़र की बजाय वह किसी प्रकार की राहत हो सकती है। समाज एक ऐसी तबाही से गुज़र रहा है, जिसे वास्तव में कोई समझ नहीं रहा है। वैसे जब असल में प्रलय आयेगी तो किसी को मालूम भी न होगा कि क्या हुआ? यही वजह है कि ‘द एंड ऑ़फ एवरीथिंग’ के चरित्र पूरी तरह से समझ में नहीं आते, और यही दिलचस्प है। बुकर प्राइज की स्थापना 1969 में हुई थी। यह प्रतिवर्ष दिया जाता है, अंग्रेज़ी उपन्यासों के लिए जिनके लेखक चाहे किसी भी देश के हों लेकिन उनका उपन्यास इंग्लैंड या आयरलैंड में प्रकाशित हुआ हो।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#ब्रितानी लेखक एम. जॉन हैरिसन को मिला वर्ष 2026 का बुकर प्राइज़