गुमनामी के अंधेरे में बुझ चुकी हैं कोसमीनारों की मशालें !

देश के किसी भी राज्य में आप चले जायें तो वहां आपको सदियों पूर्व राज करने वाले राजा महाराजाओं, नवाबों व बादशाहों की अनूठी ऐतिहासिक धरोहरों के रूप में स्मृति अवशेष देखने को मिल जायेंगे। इनमें किले, महल, मकबरे व धार्मिक स्थलों के अलावा मीनारें भी हैं। विश्व धरोहरों का दर्जा पाए जाने वालो में चाहे वह आगरा का ताजमहल हो या फिर लालकिला, फतेहपुर सीकरी, हुमायु का मकबरा, कुतुबमीनार व लालकिला इत्यादि। उन्हें प्रतिदिन देखने हेतु देश-विदेश के पर्यटक हजारों की संख्या में आते हैं।
आजादी से पूर्व विरासतों में कोसमीनारों की भी अहम भूमिका व हैसियत रही है। ये कोसमीनारें मुगलकाल की वह अनकही विरासतें हैं जो न केवल रात्रिकाल में आने-जाने वाले यात्रियों को रास्ता दिखाती थी बल्कि शासन संचालन में भी अपनी अहम भूमिका निभाती थीं। लेकिन आज ये मशालें गुमनामी के अंधेरे में लुप्त हो चुकी हैं। बस कुछेक बची खुची मीनारें जीर्ण-शीर्ण अवस्था में अपनी बदहाली पर आंसू ही बहा रही है। ‘कोस मीनारों’ का निर्माण मुगल बादशाह अकबर व उनसे पूर्व राज करने वाले शासकों ने करवाया था। यह कोसमीनारें खासकर आगरा से लेकर जयपुर व अजमेर तक बनवाई गयीं थी। कोस मीनारों को बनवाने का उद्देश्य यह था कि राजस्थान में अजमेर स्थित महान सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर आने वाले जायरीन रास्ता न भटकें और वे सुरक्षित पहुंच सके। 
यहां बादशाह अकबर भी प्रतिवर्ष उर्स के अवसर पर सजदा करने हेतु आते थे। उस वक्त ये मीनार अजमेर, आगरा, जयपुर, भरतपुर व आमेर जैसे नगरों के बीच की दुरी मापने के काम आती थी। मुगल शासकों ने ये मीनारें न केवल राजस्थान में ही बनवायीं थी बल्कि इन्हें लाहौर तक बनवाया था। उस वक्त इन मीनारों की संख्या 600 से ज्यादा थी। लेकिन अब कुछ ही शेष बचीं हैं। उस जमाने में कोसमीनारों के रास्तों में आश्रय स्थल भी थे ताकि यात्री विश्राम कर सके। कई जगह यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था व बीमार होने पर चिकित्सा सुविधा भी शासकों के सैनिकों द्वारा की जाती थी। उन कोसमीनारों के समीप एक-दो घुड़सवार भी तैनात रहते थे जो मुगल बादशाहों व राजाओं के संदेश लाने-लेजाने हेतु हरकारे की भूमिका निभाते थे।
तीस फीट ऊंची इन कोसमीनारों का निर्माण चुने, पत्थर व ईटों से किया जाता था। ये मीनारें विशाल चबूतरे पर निर्मित होती थीं। शाम होते ही मीनारों पर लगी सीढ़ियों के जरिये इनमें लगे लैम्प पोस्टों को जलाने के लिए मशालची आते थे। मीनारों पर जलती मशालों की रोशनी यात्रियों के लिए बहुत राहतभरी होती थी। कोसमीनारों के आसपास दुकानें भी हुआ करती थी ताकि यात्री रास्ते में ज़रुरतमंद सामान खरीद लें। कोसमीनारों में अब कुछेक हरियाणा व राजस्थान में देखी जा सकती हैं, जोकि अब जीर्ण-शीर्ण अवस्था में हैं।
आज इन मीनारों के आसपास बदहाली का आलम पसरा हुआ है। वहीं आक्रांताओं ने इन पर कब्जा जमा लिया है। भले ही पुरातत्व विभाग इन्हें राष्ट्रीय संपत्ति मानता है व इन्हें राष्ट्रीय स्मारकें भी घोषित कर चुका है तथा इनका रखरखाव व सुरक्षा का दायित्व राज्य सरकारों का है। लेकिन अब इनके वजूद व मंडराते खतरे व रखरखाव के अभाव में इन ऐतिहासिक कोसमीनारों का भविष्य ही दांव पर लग चुका है। बस इस उम्मीद के साथ कि उनके भी दिन कभी फिरेंगे।
मो. 82094.74266

#गुमनामी के अंधेरे में बुझ चुकी हैं कोसमीनारों की मशालें !