भारत की पहलवान मनीषा बनीं पहली विश्व कुश्ती चैम्पियन

जैसे ही मनीषा भानवाला ने जीत का दांव मारा और घड़ी छह मिनट पर रुक गई- स्कोरबोर्ड उनके पक्ष में 8-6 दिखा रहा था, तो उनकी आंखों में आंसू छलक आये, खुशी के। भारत की आज तक की पहली महिला विश्व कुश्ती चैंपियन ने अपने स्वर्गीय पिता सुरेश से किया गया वायदा पूरा कर दिया था। विजय के इस पल में मनीषा सबसे ज्यादा कमी अपने पिता की महसूस कर रही थीं। 
अस्ताना में गोल्ड मेडल के लिए दिल की धड़कन रोकने वाले कड़े मुकाबलों में मनीषा पैन-अमेरिकन चैम्पियन अमरीका की अबीगेल नेटट्े से 0-6 से पिछड़ रही थीं, 59 किलो वर्ग के फाइनल में लेकिन शुरुआत में पिछड़ने के बावजूद हरियाणा में ज़िला जींद की इस 29 वर्षीय पहलवान ने हथियार डालने से इन्कार कर दिया। मुकाबले में ज़बरदस्त वापसी करते हुए मनीषा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की। मुकाबले के बाद उन्होंने दर्शकों को इशारा किया कि वह उनका नाम ज़ोर-ज़ोर से पुकारें और उनकी इस शानदार कामयाबी के जश्न में शामिल हों। 
भारत पिछले 16 साल से सीनियर विश्व चैम्पियन की प्रतीक्षा कर रहा था। मनीषा ने वह इंतजार खत्म कर दिया है। गौरतलब है कि भारत का अंतिम विश्व खिताब 2010 में आया था, जब मास्को में आयोजित विश्व कुश्ती चैंपियनशिप्स में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार ने स्वर्ण पदक जीता था। जीत के बाद मनीषा ने बताया, ‘मैं अंदर ही अंदर रो रही हूं। मैं शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकती कि इस जीत का मेरे लिए कितना अधिक महत्व है। यह मेरे पिता के लिए है। मैं यह पदक उनके लिए जीतना चाहती थी। मैं उनकी उपस्थिति आज भी अपने इर्दगिर्द महसूस करता हूं। मुझे लगता है कि वह कोचिंग कार्नर में ही बैठे हैं और मुझे बता रहे हैं कि किस योजना से कुश्ती लडूं। मैं उन्हें मिस करती हूं। वर्षों की कड़ी मेहनत और कुर्बानियों से ही यह दिन देखने को मिला है और आज ही पिता साथ नहीं हैं।’
महिला कुश्ती के मुख्य कोच वीरेंद्र दहिया और सपोर्ट स्टाफ ने मनीषा को तिरंगा दिया, उन्हें गले से लगाया और मैट के चारों ओर विक्ट्री लैप लगाने में उनका साथ दिया। कोच व स्टाफ भी अपनी भावनाओं को नियंत्रण में न रख सके; क्योंकि यह दुर्लभ पल कुछ था ही ऐसा। फिर उन्होंने मनीषा को वह करने दिया जो वह करना चाहती थीं। मैट पर घुटने टेके हुए और तिरंगा में लिपटे हुए, मनीषा रोने लगीं, वर्षों की कुर्बानियां, दु:ख, दिल का टूटना और दबे हुए जज्बात, सब उमड़ आये असीम ख़ुशी के आंसुओं में। जब वह आखिरकार उठीं, तो उन्होंने अपने कोचों से विशेष तौर पर डिज़ाइन की गई टी-शर्ट मांगी, जिस पर उनके पिता की दो तस्वीरें थीं- एक पोट्रेट और दूसरी उस खुशी के पल की, जो उन्होंने साझा की थी। मनीषा ने आसमान की तरफ देखा जैसे अपने पिता से कह रही हों कि ‘मैंने अपना वायदा पूरा किया’।
मनीषा के पिता ने ही उन्हें कुश्ती में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित व प्रोत्साहित किया था, 14 वर्ष पहले जब वह 15 साल की थीं लेकिन जब 2022 में मनीषा गांव सिवाहा में अपने घर से निकलीं मंगोलिया के लिए, एशियन चैंपियनशिप्स में हिस्सा लेने हेतु, तो उसके कुछ घंटे बाद ही उनके पिता को दिल का दौरा पड़ा और उनका निधन हो गया। इस हादसे से मनीषा बिखर गईं। अस्ताना में जीत के बाद वह दहिया के गले लग गईं, जो उनके कठिन समय में पिता-तुल्य भूमिका में रहे। यह स्वर्ण पदक ऐसी ज़बरदस्त वापसी से हासिल हुआ है, जिसे वर्षों तक याद रखा जायेगा। मुकाबले के शुरू में नेट्टे मनीषा पर बहुत भारी पड़ रही थीं। चार अंकों की मूव के साथ वह बढ़त बना चुकी थीं, फिर भारत के असफल चैलेंज के कारण उन्हें एक अतिरिक्त अंक भी मिला और मनीषा के विरुद्ध चेतावनी भी। इंटरवल पर यह मुकाबला मनीषा के हाथों से फिसलता हुआ प्रतीत हो रहा था, विशेषकर इसलिए कि नेट्टे ने 6-0 की बढ़त बना ली थी। 
सबको लगने लगा कि हार निश्चित है। लेकिन मनीषा के इरादे कुछ और थे। उन्होंने ़गज़ब की वापसी की। हर कोई स्तब्ध रह गया। टेकडाउन, सफल चैलेंज व गट व्रेंच (पसलियों के चारों ओर बांहों को कसकर लॉक करना) की बदौलत स्कोर 6-6 बराबर हो गया। जब मात्र 27 सेकंड रह गये थे तो मनीषा ने 2 अंक का एक ज़बरदस्त दांव लगाया और 8-6 से यादगार जीत दर्ज की। दहिया का कहना है, ‘कैंप में मनीषा सबसे अनुशासित व फोकस्ड पहलवान हैं। विश्व खिताब के लिए तीन असफल प्रयास करने के बाद आखिरकार उसे यह शानदार कामयाबी का पल हासिल हुआ है।’ फ्रीस्टाइल पहलवान मनीषा का जन्म 10 फरवरी, 1997 को हुआ था। उन्होंने 2025 एशियाई चैम्पियनशिप और 2016 दक्षिण एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीते हैं।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#भारत की पहलवान मनीषा बनीं पहली विश्व कुश्ती चैम्पियन