हिरणी जैसी मदभरी आंखों वाली दीप्ति नवल

हिरणी जैसी मदभरी आंखों वाली दीप्ति नवल को एक शानदार, संवेदनशील, गंभीर व उत्कर्ष अभिनेत्री के रूप में हर कोई जानता है। उनकी अब भी साल में कम से कम एक फिल्म तो आ ही जाती है इसलिए उन्हें पिछले ज़माने का कलाकार कहना दुरुस्त न होगा। फिर भी यह सवाल तो बनता ही है कि आजकल वह क्या कर रही हैं? बहरहाल, इसमें कोई दो राय नहीं है कि 80 के दशक में दीप्ति नवल बहुत ही सफल कलाकार थीं, लेकिन 2013, जिस वर्ष उनकी 4 फिल्में रिलीज़ हुई थीं, के बाद से वह साल में केवल एक ही फिल्म में नज़र आयी हैं और वह भी छोटे सी गैर महत्वपूर्ण भूमिका में, फिर फिल्म भी कुछ खास चर्चा में नहीं रही। निर्देशक प्रकाश झा से तलाक (1985-2002) के बाद दीप्ति मुंबई में ही अपनी गोद ली हुई बेटी दिशा के साथ रहती हैं और उनके जो अभिनय के अतिरिक्त शौक हैं- शायरी, चित्रकारी, कहानी लेखन और फोटोग्राफी, उनमें अपना समय व्यतीत करती हैं। उनकी आत्मकथा ‘ए कंट्री कॉल्ड चाइल्डहुड’ भी प्रकाशित हो चुकी है, जो बहुत पसंद की गई। वह विनोद पंडित चैरिटेबल ट्रस्ट का संचालन भी करती हैं, जो लड़कियों को शिक्षित कराने के संदर्भ में विशेषरूप से काम करता है। ध्यान रहे कि झा से तलाक के बाद दीप्ति की विनोद पंडित से सगाई हो गई थी, लेकिन विनोद पंडित की असमय मृत्यु के कारण दोनों की शादी न हो सकी। विनोद पंडित विख्यात संगीतकार पंडित जसराज के भांजे थे।
दीप्ति अपनी तलाक के बाद भी प्रकाश झा से अच्छी दोस्ती बनाये हुए हैं। दोनों अपनी बेटी के साथ अक्सर फिल्म देखने जाते हैं। दीप्ति नवल को झा के प्रति कोई शिकायत या कड़वाहट नहीं है, वह उन्हें अपने दोस्त के रूप में पाकर भी खुश हैं। इनकी आपसी समझ का यह आलम है कि एक बार दीप्ति नवल अपने मंगेतर विनोद पंडित के साथ फिल्म देखने गईं थीं और साथ में प्रकाश झा व बेटी दिशा भी थीं। निर्देशन व पटकथा लेखन में भी सफलतापूर्वक अपना हाथ आजमा चुकीं दीप्ति नवल का जन्म अमृतसर (पंजाब) में 3 फरवरी 1951 को हुआ था। उनके पिता को अमरीका की सिटी यूनिवर्सिटी में अध्यापन का जॉब मिल गया था इसलिए वह उनके साथ न्यूयॉर्क सिटी चली गईं, जहां फाइन आर्ट्स में उन्होंने हंटर कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। दीप्ति नवल अमरीकी नागरिक हैं, लेकिन उनका मुख्य योगदान मुंबई फिल्म संसार में रहा है और असल जीवन के निकट चरित्रों को संवेदना के साथ निभाने व महिलाओं की बदलती भूमिकाओं पर बल देने के लिए उन्हें विशेष प्रशंसा मिली है।
दीप्ति नवल की पहली फिल्म श्याम बेनेगल की ‘जूनून’ (1978) थी, फिर इसके दो साल बाद वह ‘एक बार फिर’ में लीड भूमिका में आयीं। आलोचकों ने इस फिल्म की ज़बरदस्त प्रशंसा की और दीप्ति नवल 80 के दशक के समानांतर सिनेमा की स्मिता पाटिल व शबाना आज़मी के साथ प्रमुख अभिनेत्रियों में शुमार होने लगीं। क्लासिक हास्य-व्यंग्य फिल्म ‘चश्मे बद्दूर’ (1981) में वह पहली बार फारूक शेख के साथ आयीं और दोनों की आइकोनिक जोड़ी बन गई। उन्होंने अनेक हिट फिल्में जैसे ‘साथ साथ’, ‘कथा’, ‘रंग बिरंगी’ आदि कीं। फारूक शेख की अपने निधन से पहले आखिरी फिल्म ‘लिसेन...अमाया’ (2013) भी दीप्ति नवल के साथ ही थी। लगभग 80 से अधिक फिल्मों में काम करने वाली दीप्ति नवल के स्क्रीन से अलग भी फारूक शेख के साथ बहुत अच्छे संबंध थे। वह फारूक शेख को बहुत बड़ा फ्लर्ट कहती थीं, लेकिन फारूक ने कभी उनके साथ फ्लर्ट नहीं किया। हालांकि वह उनकी टांग खिंचाई करते रहते थे और उन पर जोक्स भी बनाकर सुनाते थे, लेकिन फिर भी दीप्ति नवल उन्हें प्यारा व आकर्षक पाती थीं।  
पिछली सदी के 90 के दशक में दीप्ति नवल का करियर धीमा होने लगा, जिससे उन्हें कला के अन्य माध्यम में अपना हुनर दिखाने का अवसर मिला। दीप्ति नवल ने ‘दो पैसे की धूप, चार आने की बारिश’ का निर्देशन किया, जिसमें मनीषा कोइराला व रजित कपूर की प्रमुख भूमिकाएं थीं। इस फिल्म ने न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल में सर्वश्रेष्ठ पटकथा का अवार्ड जीता। कान फिल्मोत्सव (2009) में भी यह प्रीमियर हुई थी। लेकिन भारत में यह फिल्म अब तक रिलीज़ नहीं हुई है। इस फिल्म में मनीषा कोइराला एक बढ़ती उम्र की वेश्या की भूमिका में हैं, जो अपने आपहिज बेटे की देखभाल करती हैं, जिसकी भूमिका दीप्ति नवल के भांजे सनज नवल ने अदा की है। दीप्ति नवल ने टीवी धारावाहिक ‘थोड़ा सा आसमान’ भी लिखा व निर्देशित किया, जिसमें महिला दृष्टिकोण प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया था। उन्होंने एक ट्रेवल शो ‘द पाथ लेस ट्रेवल्ड’ का निर्माण भी किया। दीप्ति नवल का हिंदी में पहला काव्य संकलन ‘लम्हे लम्हे’ 1983 में प्रकाशित हुआ था, इसका अंग्रेजी संस्करण ‘ब्लैक विंड एंड अदर पोयम्स’ 2004 में आया। वह ‘द मैड टिबेटन’ (2011) की भी लेखिका हैं, जोकि लघुकथा संग्रह है। दीप्ति नवल ने पेंटर व फोटोग्राफर के रूप में अपने काम के अनेक प्रदर्शनों का भी आयोजन किया है। विवादित पेंटिंग ‘प्रिग्नेंट नन’ भी उन्हीं की ही बनाई हुई है।  दीप्ति नवल व प्रकाश झा की गोद ली हुई बेटी दिशा गायिका बनना चाहती हैं। वह अपने तलाकशुदा पैरेंट्स को परिवार कहती है और फिल्मसाज़ी की कला अपने पिता से सीख रही हैं। वह अपने पिता की फिल्म ‘राजनीति’ में कास्टयूम सुपरवाइजर के रूप में भी काम कर चुकी हैं। वह अर्चना शाह से संगीत भी सीख रही हैं। दीप्ति नवल एक संवेदनशील कलाकार हैं, लेकिन इसके बावजूद वह बहुत ही घिनोने विवाद में फंसीं, जिसमें उनके चरित्र पर उंगलियां उठाई गयीं। हुआ यह कि वह ‘चश्मे बद्दूर’ फिल्म के रीमेक की रिलीज़ से पहले फारूक शेख के साथ अपने टेरेस पर इंटरव्यू दे रही थीं। उनकी सोसाइटी के सदस्यों ने इस पर आपत्ति की और ‘नाटक’ को बंद करने के लिए कहा। लेकिन अगले दिन अखबारों में यह छपा कि दीप्ति नवल वेश्यालय चलाती हैं। इस बेबुनियाद आरोप पर उन्हें बहुत ग़ुस्सा आया और उन्होंने अखबार पर कानूनी कार्यवाही की धमकी दी। अख़बार ने माफी मांगी।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#हिरणी जैसी मदभरी आंखों वाली दीप्ति नवल