आर्थिक विकास का केन्द्र बन रहे देश के गांव 

देश की आर्थिक खुशहाली को इससे समझा जा सकता है कि आज भारत के गांव समृद्धि का नए केन्द्र बनते जा रहे हैं। यह कोई सरकारी निष्कर्ष नहीं है, अपितु देश दुनिया में आर्थिक हालातों का अध्ययन करने वाली एक नहीं अपितु अनेक संस्थाआें का सारांश है। आज ग्रामीण क्षेत्र की जीवनशैली में जिस तरह से तेज़ी से बदलाव आया है और सामान्य उपभोक्ता उत्पाद ही नहीं, अपितु कहने को सुख-सुविधा वाले उत्पादों का बाज़ार ग्रामीण क्षेत्र में शहरों की तुलना में अधिक तेज़ी से विस्तारित हो रहा है। यही कारण है कि एफएमसीजी कंपनियों के साथ ही इलेक्ट्रोनिक और एसयूवी वाहनों का बड़ा बाज़ार ग्रामीण क्षेत्र में तैयार हो गया है। आज बड़े शहरों खास तौर पर दिल्ली, कोलकता, मुम्बई, बेंग्लुरु आदि बड़े शहरों को पीछे छोड़ते हुए टियर-2 और टियर-3 के शहर और ग्रामीण अधिक तेज़ी से आर्थिक संसाधनों से संपन्न हो रहे हैं। चाहे ब्लूमबर्ग इंटेलिजेंस के सर्वे की रिपोर्ट हो या नाइट वेल्थ रिपोर्ट या फिर पीपुल रिसर्च ऑन इंडियाज कंज्यूमर इकोनोमी की रिपोर्ट हो, सभी में यही निष्कर्ष सामने आ रहा है कि देश में ग्रामीण क्षेत्र में बाज़ार अधिक तेज़ी से बढ़ कर रहा है। शहरों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्र में निजी संपत्ति अधिक बढ़ रही है। सुख-सुविधा के साधनों का बाज़ार ग्रामीण क्षेत्र में तेज़ी से बढ़ रहा है। आज एसयूवी वाहनों, दो पहिया वाहनों और ट्रेक्टर गांवों में आम हैं तो फ्रिज-कूलर को तो छोड़िये एयर कंडीशन तक गांवों में व्यापक स्तर पर देखने को मिल जाएंगे। इसे देश की अर्थव्यवस्था के लिए शुभ संकेत ही माना जाना चाहिए। 
दरअसल आज ग्रामीणों की सोच बदल गई है। आज का ग्रामीण किसी भी पक्ष से आम शहरी से पीछे नहीं रहना चाहता। इसका एक बड़ा कारण जहां ग्रामीण क्षेत्र में भी साक्षरता का विस्तार हुआ है तो दूसरी ओर आवागमन की साधन, बैंकिंग सुविधा का ग्रामीण क्षेत्र में विस्तार और कृषि में लगातार सुधार प्रमुख कारण है। इसके अलावा सिंचाई के लिए मानसून पर निर्भरता भी कम हुई है। किसानों को सही बाज़ार भी मिला है। एमएसपी को साल दर साल व्यावहारिक बनाया जा रहा है।  
देश दुनिया में 135 से अधिक उद्योगों और 200 से अधिक कंपनियों के डेटा विष्लेषण करने वाली ब्लूमबर्ग इंटेलिजेंस की ही माने तो आज ग्रामीण क्षेत्र में निजी संपत्ती का तेज़ी से विस्तार हो रहा है। देश में 250 करोड़ से अधिक की संपत्ति वालों की संख्या में 2023 की तुलना में 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। एक मोटे अनुमान के अनुसार शहरी क्षेत्र में जहां 8 फीसदी की दर से निजी संपत्ति में बढ़ोतरी हो रही है तो ग्रामीण क्षेत्र की यह वृद्धि 11 फीसदी से बढ़ रही है। ग्रामीण क्षेत्र में आज एसयूवी वाहन आसानी से मिल जाएंगे तो आज ट्रेक्टर भी अधिकांश किसानों के पास हैं। 
हालांकि जिस तरह से ग्रामीण क्षेत्र में बदलाव आ रहा है और उत्पादों की मांग बढ़ रही है, उससे एक बात साफ  हो गई है कि अब कंपनियों को ग्रामीण केन्द्रीत विपणन नीति बनानी पड़ रही है। उत्पादों को ग्रामीण मांग के अनुकूल बनाया जाने लगा है और कंपनियाें की मार्केट रिसर्च टीमें बड़े शहरों की बजाय गांवों को केन्द्र में रख कर विज्ञापन नीति तक तैयार करने लगी हैं। अब इनकी यूएसपी मेट्रोपोलिटन युवा नहीं अपितु गांव में बैठा युवा होने लगा है। इससे वित्तीय संस्थाओं खासतौर से बैंकों के सामने जहां एक नया बाज़ार आया है तो वहीं दूसरी ओर नई चुनौती भी आई है। आज भी वित्तीय संस्थाओं में 85 फीसदी हिस्सेदारी 10 बैंकों के पास है तो सम्पत्ति प्रबंधकों (एसेट मैनेजरों) की भी भूमिका में बदलाव आ गया है। 
हालांकि इस साल मानसून अच्छा नहीं रहा और औसत से कम बरसात होने से देश के अनेक हिस्सों में सूखे के हालात बने हैं, परन्तु जिस तरह की सम्भावनाएं दिखाई दे रही हैं उससे साफ है कि भले ही आज चुनौती हो, परन्तु इसमें कोई दो राय नहीं होनी चाहिए कि आर्थिक विकास का केन्द्र आने वाले समय में ही गांव और ग्रामीण अर्थव्यवस्था ही रहने वाली है। वैसे भी ग्रामीण क्षेत्र में समृद्धि की बयार से सबसे बड़ा फायदा यह होने वाला है कि शहरों की और अनावश्यक पलायन रुकेगा तो गांव आर्थिक विकास का केन्द्र बनेंगे तो ग्रामीण क्षेत्र में संसाधनों के विस्तार से समग्र विकास की परिकल्पना भी साकार हो सकेगी।
-मो. 94142-40049

#आर्थिक विकास का केन्द्र बन रहे देश के गांव