नगर निकाय चुनाव : भाजपा ने मुंबई, नागपुर के 58 पदाधिकारियों को निलंबित किया
मुंबई, 10 जनवरी महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)ने मुंबई और नागपुर के अपने 58 पदाधिकारियों को पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने के आरोप में छह साल तक के लिए निलंबित कर दिया है। पार्टी ने यह कार्रवाई 15 जनवरी को 29 महानगरपालिकाओं के लिये होने वाले चुनावों से पहले की है। भाजपा ने यह कदम राज्य के लगभग सभी प्रमुख दलों और गठबंधनों के चुनाव प्रचार में व्याप्त असंतोष के बीच उठाया है। भाजपा सूत्रों ने शनिवार को बताया कि निलंबित पदाधिकारियों में पूर्व महापौर, पार्षद और प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हैं, जिन पर आधिकारिक उम्मीदवारों के खिलाफ विद्रोह करने, पार्टी की छवि खराब करने की कोशिश करने और 'महायुतिÓ उम्मीदवारों के साथ सहयोग न करने का आरोप है। भाजपा द्वारा निलंबित किये गए इन 58 लोगों में से 26 मुंबई के हैं, जिनमें दिव्या धोले (वार्ड 60, वर्सोवा), नेहा अमर शाह (वार्ड 177, माटुंगा), जान्हवी राणे (वार्ड 205, अभ्युदयनगर), असावरी पाटिल (वार्ड 2, बोरीवली, जो वर्तमान में शिवसेना (उबाठा)से चुनाव लड़ रही हैं), मोहन अंबेकर (वार्ड 166, कुर्ला) और धनाश्री बघेल (वार्ड 131, पंतनगर) शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नागपुर में निलंबित किए गए 32 लोगों में पूर्व महापौर अर्चना देहनकर के पति विनायक देहनकर, साथ ही पूर्व पार्षद सुनील अग्रवाल और धीरज चव्हाण शामिल हैं। निलंबन आदेश नागपुर भाजपा अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी द्वारा जारी किए गए हैं।

