सौम्य, शांत और सुसंस्कृत न्यू ईयर डेस्टिनेशन है पुड्डुचेरी
पुड्डुचेरी आज भारत के उन गिने-चुने न्यू ईयर डेस्टिनेशन है, जहां शोर और उन्माद की जगह शांति, सादगी और सुसंस्कृत उत्सव का वातावरण मिलता है। फ्रेंच वास्तुशिल्प से गलियां, सुरक्षित और सौम्य बीच, साफ सुथरी सड़कें और कैफे कल्चर के बीच नया साल मनाने का आनंद यहां बेहद सौंदर्यपूर्ण अनुभव बन जाता है। यही कारण है कि पुड्डुचेरी को गोवा के बाद लोग सबसे ज्यादा न्यू ईयर डेस्टिनेशन मानते हैं।
आखिर क्यों मिला यह रुतबा?
पुड्डुचेरी को अगर न्यू ईयर ईव सेलिब्रेशन की पहली तीन जगहों में से एक माना जाता है, तो इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि पुड्डुचेरी जैसी दूसरी जगह भारत में कोई नहीं है, जहां आप यूरोपियन सड़कें, पीले रंग की औपनिवेशिक इमारतें, खूबसूरत खिड़कियां, शांत गलियां और भारतीय तटीय जीवन सब एक ही फ्रेम में देख सकें। न्यू ईयर ईव पर ये फ्रेंच क्वार्टर हजारों लाइटों से जगमगा उठता है। स्ट्रीट कैफे, पेस्ट्री शॉप्स और ओशन फ्रंट रेस्टोरेंट, खास थीम नाइट्स रखते हैं। यहां की बीच पार्टियां बिल्कुल गोवा जैसी होती हैं, लेकिन इनकी खूबसूरती ये होती है कि ये भीड़ भड़क्का वाली जगह नहीं होती। पुड्डुचेरी के रॉक बीच, पैराडाइज बीच, सेरिनिटी बीच और ऑरोवेल बीच पर नये शाम की रात छोटी लेकिन ऊर्जावान पार्टियां सम्पन्न होती हैं। यहां का फायर वर्क भले गोवा जितना भव्य न हो, मगर सुरक्षा और पारिवारिक माहौल बिल्कुल ए क्लास मिलता है।
सोलो ट्रैवल फ्रेंडली
पुड्डुचेरी में रात में सड़कों पर चलना अपेक्षाकृत सुरक्षित माना जाता है। शायद यही वजह है कि पुड्डुचेरी अकेले घूमने जाना पसंद करने वाली महिला यात्रियों की पसंदीदा जगह है। यहां के कैफे और बीच पर हमेशा पुलिस पेट्रोलिंग करती रहती है, जिससे न्यू ईयर ईव का माहौल पूरी तरह से नियंत्रित रहता है। यहां का खासकर ऑरोवेल बीच नये साल की सुबह में बेहद आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करता है। जो लोग शोर और भीड़ से दूर नये साल की एक हर्षपूर्ण शुरुआत करना चाहते हैं, उनके लिए ऑरोवेल बीच किसी उपहार से कम नहीं है। यहां मेडिटेशन, योगा, शांत वॉक और मेट्री मंदिर की सूर्योदय झलक नये साल को बेहद खास बना देती है।
किफायती ठहराव और भोजन
गोवा की तुलना में पुड्डुचेरी में न्यू ईयर वीक के दौरान होटल और भोजन बहुत कम खर्च में सम्पन्न हो जाते हैं। यहां अच्छे गेस्ट हाउस में भी 1200 से 2500 रुपये प्रति रात रूम मिल जाते हैं और मिड रेंज होटल 2800 से 4500 रुपये में उपलब्ध हो जाते हैं। यहां कैफे में भोजन आमतौर पर 250 से लेकर 400 रुपये प्रति आइटम है। ..और सी फूड की थाली 350 रुपये से लेकर 800 रुपये में उपलब्ध है। यही कारण है कि बजट ट्रैवलर, कॉलेज ग्रुप और युवा जोड़े गोवा की बजाय पुड्डुचेरी को चुनते हैं। न्यू ईयर ईव में पुड्डुचेरी में बहुत सी खासियतें मिलती हैं। मसलन बीच पर मिड नाइट सेलिब्रेशन की सुविधा मिलती है। यहां रॉक बीच के पास कसीना स्कवॉयर और प्रोमेनेड पर रात 11 बजे से भीड़ जुटनी शुरू होती है। काउंड डाउन, म्यूजिक, स्ट्रीट फूड और छोटे- छोटे फायर वर्क, तूफानी उत्साह बढ़ाते हैं। यहां के यूरोपियन स्टाइल कैफे, न्यू ईयर ईव को ज्यादातर थीम बेस्ड नाइट्स रखते हैं। इनमें प्रमुख होती है- डीजे नाइट्स, कास्ट्यूम पार्टी, वाइन एंड डाइन इवेंट, मोमबत्ती की रोशनी में डिनर, इनकी विशेष खूबियां होती हैं। विशेष रूप से इन नाइट्स के लिए मशहूर जगह हैं- लि डुप्लेक्स, द प्रोमेनेड, लि कैफे, कोरोमंडल कैफे, वे ऑफ बुद्धा, आर्टिका कैफे तथा बेकर्स स्ट्रीट।
ऑरोवेल की मशहूर गतिविधियां
यहां के ऑरोवेल बीच की गतिविधियां पर्यटकों के बीच खूब लोकप्रियता और सम्मान पाती हैं। न्यू ईयर ईव से पहले और बाद में यहां साइलेंट काउंड डाउन, बोन फायर, मेडिटेशन, सांस्कृतिक संगीत सभाएं और योगा वर्कशॉप खास तौर पर ये गतिविधियां पर्यटकों का खूब मन और ध्यान खींचती हैं। यहां शांति और उत्सव का अद्भुत मिश्रण मिलता है। वाटर स्पोर्ट्स और बीच डे फन यहां की खूबियों में से हैं। न्यू ईयर ईव के दौरान सेरिनिटी और पैराडाइज बीच पर सर्फिंग, क्याकिंग, जेटस्की की अच्छी सुविधाएं मिलती हैं।
पुड्डुचेरी कैसे पहुंचे
अगर आप हवाई मार्ग से जा रहे हैं तो सर्वाधिक सुविधाजनक हवाई अड्डा चेन्नई का अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा है। यहां से पुड्डुचेरी 150 किमी दूर है, यहां ढाई से तीन घंटे में टैक्सी या बस से आसानी से पहुंच जाते हैं। दूसरा विकल्प बेंग्लुरु से पुड्डुचेरी की सीमित संख्या में फ्लाइट हैं, लेकिन आमतौर पर मिल जाती हैं। अगर रेलमार्ग से आप जा रहे हैं तो पुड्डुचेरी रेलवे स्टेशन पर उतरिये, यह स्टेशन दक्षिण भारत के सभी प्रमुख शहरों से जुड़ा हुआ है। मसलन चेन्नई, बेंग्लुरु, तिरुपति आदि। उत्तर भारत से आने वाले यात्री आमतौर पर सर्किट चेन्नई से बेंग्लुरु तक आते हैं और यहां से बस या कैब से पुड्डुचेरी पहुंचते हैं। सड़क मार्ग से पुड्डुचेरी जाना सबसे खूबसूरत अनुभव होता है। खासकर ईस्ट कोस्ट रोड से। चेन्नई से 3 घंटे, बेंग्लुरु से 6 घंटे और तिरुचुरापल्ली से 4 घंटे में शॉर्ट मार्ग से पुड्डुचेरी पहुंचा जा सकता है। तमिलनाडु की गवर्नमेंट बसें, मिनी बसें, वोल्वो बसें और प्राइवेट कैब उपलब्ध रहती हैं।
खास टिप्स
अगर नये साल की शाम का जश्न पुड्डुचेरी मनाने की योजना बनाएं, तो 25 दिसंबर से करीब दो हफ्ते पहले होटल, बुक कर लें। क्योंकि 25 से 31 बीच आमतौर पर होटल फुल हो जाते हैं। अगर 2 से 3 सप्ताह पहले बुकिंग हो जाए, तो बेहतर रहता है। याद रखें इस दौरान फ्रेंच क्वार्टर में होटल महंगे होते हैं। इसलिए यदि बजट कम है तो वाइट टाउन से थोड़ी दूरी पर मिशन स्ट्रीट, हेरिटेज टाउन या ऑरोवेल रोड पर होटल चुनें। पुड्डुचेरी का अनुभव दोपहिया वाहन से दोगुना हो जाता है। इसलिए अगर स्कूटी किराये पर लेकर पुड्डुचेरी घूमें तो सोने में सुहागा होता है। स्कूटी एक दिन के लिए 350 से 500 रुपये में मिल जाती है और साइकिल 100 से 200 रुपये के बीच। कुछ समुद्र तटों पर रात 11 बजे के बाद पुलिस पानी में उतरने की अनुमति नहीं देती, क्योंकि लहरें तेज होने के कारण नियम सख्ती से लागू किया जाता है। कैफे में पहले से सीट रिजर्व कर लें तो सही रहता है। -इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर





