हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र का आगाज


हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से 18 मार्च तक चलेगा, जिसमें 15 सीटिंग होंगी. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 2 मार्च को 2026-27 का बजट पेश करेंगे. इससे पहले, गुरुवार को बजट सत्र के लिए कांग्रेस विधायकों ने पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक की.
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कहा कि हरियाणा विजन डॉक्युमेंट वर्ष 2047 एक ट्रिलियन डॉलर से अधिक की अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने के लिए रणनीतिक ब्लूप्रिंट है. अंत्योदय दर्शन संवेदनशील शासन की नैतिक प्रतिबद्धता है और सोशल सिक्योरिटी पेंशन अब एक्टिव मोड में दी जा रही है.
राज्यपाल ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों, विधवाओं, दिव्यांगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ितों को हर महीने 3200 रुपए मिलते हैं. प्रदेश में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना को प्रभावी रूप से लागू किया गया.
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 1 लाख 56 हजार से ज्यादा मकान बनाए गए हैं और हरियाणा सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने और उनके जोखिम को न्यूनतम करने के लिए बहुआयामी रणनीतियां अपनाई. हरियाणा ने पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ खेती की दिशा में देश के लिए कायम की एक नई मिसाल की है.
राज्यपाल ने कहा प्रदेश में महिला सशक्तिकरण के लिए उनके सम्मान सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए  अनेक योजनाएं चलाई जा रही है. हरियाणा सरकार ने युवाओं के लिए शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को प्राथमिकता दी है. हरियाणा कौशल रोजगार निगम ने राज्य की भर्ती की प्रक्रिया में एक परिवर्तनकारी भूमिका निभाई है. राज्य सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता, पहुंच और समान अवसर पर विशेष ध्यान दिया है.

#हरियाणा विधानसभा