किस देश में है सबसे ज्यादा ताज़ा पानी ?

‘दीदी, आज हमारी बायोलॉजी की मैडम ने बताया कि जीवन का आधार प्रोटोप्लाज़्म है जोकि 95 प्रतिशत पानी है।’ 
‘तुम्हारी मैडम ने एकदम सही कहा, इसलिए तो कहते हैं कि जल ही जीवन है। पानी ने अतीत में सभ्यताओं को आकार दिया है, वह आज भी ऐसा ही कर रहा है और भविष्य में उसका प्रभाव इससे भी अधिक होने जा रहा है।’
‘लेकिन मैंने पढ़ा है कि पृथ्वी पर ताज़ा पानी निरंतर कम होता जा रहा है।’
‘यह बात भी सही है। हर दिन ताज़ा पानी के स्रोत सिकुड़ते जा रहे हैं और उपलब्धता कम होती जा रही है; क्योंकि झीलों व नदियों से लेकर समुद्रों तक को प्रदूषित किया जा रहा है इंसान पानी को अधिक बर्बाद कर रहा है।’ 
‘लेकिन पानी तो पृथ्वी का तीन-चौथाई हिस्सा बनाता है।’
‘फिर भी इसमें से बहुत कम ही इस्तेमाल करने योग्य है।’ 
‘क्यों?’
‘चूंकि हमारे ग्रह पर थोड़ा सा पानी ही ताज़ा है, जो नदियों, झीलों, ग्लेशियरों व ज़मीन के अंदर से मिलता है।’
‘तो सबसे ज्यादा ताज़ा पानी किस देश में होगा?’
‘संयुक्त राष्ट्र व वर्ल्ड बैंक के डाटा से मालूम होता है कि कनाडा एकदम अलग खड़ा नज़र आता है।’
‘वहां कितना ताज़ा पानी होगा?’
‘संसार में जो कुल ताज़ा पानी है उसका पांचवां हिस्सा यानी 20 प्रतिशत अकेले कनाडा में है और कोई अन्य देश इसके आसपास भी नहीं आता है।’ 
‘कनाडा में इतना अधिक ताज़ा पानी कैसे है?’
‘कनाडा की जल दौलत उसके भूगोल में है।’
‘कैसे?’
‘कनाडा में 2 मिलियन से भी अधिक झीलें हैं, जिनमें से अधिकतर हज़ारों साल पहले बनीं ग्लेशियरों के सिकुड़ने की वजह से बनी हैं।’
‘अन्य देशों का क्या हाल है?’
‘उनमें भी ताज़ा पानी तो है, लेकिन कनाडा की तुलना में बहुत कम। इस सिलसिले में कनाडा के बाद ब्राज़ील, रूस, अमरीका, चीन और फिर भारत का नंबर आता है।’
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#किस देश में है सबसे ज्यादा ताज़ा पानी ?