विश्व के टॉप एडवेंचरस स्थलों में से एक है नेपाल
नेपाल एक ऐसी जगह है जो यात्रा खत्म होने के बाद भी बहुत लम्बे समय तक आपके दिलोदिमाग में बसी रहती है। पहाड़ तो स्पष्ट आकर्षण का केंद्र हैं ही, लेकिन रोजमर्रा के जीवन का भी अपना एक अलग आनंद है। एक पल आप शताब्दियों पुराने काठमांडू के मंदिर के सामने खड़े होते हैं और दूसरे ही पल आप एक शांत घाटी में गर्म चाय पी रहे होते हैं, जबकि हिमालय के ऊपर बादल तैर रहे होते हैं। सुंदरता केवल बर्फीली चोटियों, वन्य जीवन या झीलों के नज़ारे में ही नहीं है बल्कि नेपाल जिस धीमी रफ्तार से चलता है, उसमें भी है। नेपाल की संस्कृति, उत्सव, खानों का स्वाद और परम्परागत मेहमाननवाज़ी छोटी सी यात्रा को भी अर्थपूर्ण बना देती हैं। नेपाल पर्यटकों को सम्पूर्ण अनुभव प्रदान करता है, जो प्रकृति, संस्कृति व शांति की तलाश में हैं।
मेरे लिए नेपाल की हर यात्रा का मुख्य आकर्षण उसके लैंडस्केप रहे हैं। माउंट एवरेस्ट सहित हिमालय पर्वत श्रृंखला दुनियाभर के प्रत्येक व्यक्ति को मंत्रमुग्ध करती है। बर्फ से ढकी चोटियां, गहरी वादियां, बलखाती नदियां और स्थिर झीलें एक ऐसा समा बनाती हैं कि जब आप व्यस्त शहर के बीचे में खड़े होते हैं तब भी आपको शांति का एहसास होता है। सांस्कृतिक दृष्टि से देखें तो नेपाल बहुत विविध है। काठमांडू, भक्तपुर व पाटन जैसे शहर हिन्दू व बौद्ध परम्पराओं से प्रभावित सदियों पुराने इतिहास को संरक्षित किये हुए हैं। इनके मंदिर, आंगन व पतली गलियां कला, आर्किटेक्चर व आध्यात्मिकता का संगम प्रदर्शित करती हैं और दैनिक जीवन को आज भी प्रभावित किये हुए हैं। यह सांस्कृतिक आधार ज़ाहिर है व्यक्ति को अनुभव की दूसरी परत तक ले जाता है, नेपाल के वन्य जीवन व प्राकृतिक ट्रेल्स की ओर।
प्रकृति व वन्यजीवों के प्रेमियों के लिए नेपाल स्वर्ग से कम नहीं है। यहां अनेक राष्ट्रीय पार्क हैं, जो दुर्लभ प्रजातियों व विशिष्ट इकोसिस्टम को संरक्षित किये हुए हैं, जिससे दोनों शांत अनुभव व हाई-एनर्जी रोमांच का अवसर मिलता है। यह वन्य जीवन का अनुभव प्राकृतिक रूप से नेपाल की विस्तृत संरक्षण संस्कृति से जोड़ता है, जिसे अनेक समुदायों में देखा जा सकता है। अगर आप की दिलचस्पी वन्यजीवों में है तो आप अपने कार्यक्रम में निम्न जगहों को अवश्य शामिल करें- 1. चितवन नेशनल पार्क। यहां आपको एक सींग वाला गैंडा और बंगाल टाइगर देखने को मिल जाएंगे। जंगल सफारी का ज़रूर आनंद लें। 2. बर्दिया नेशनल पार्क। यह शांत विकल्प है, जिसके इर्दगिर्द बस शांति ही शांति है और इसमें वन्यजीवों को देखने का शानदार अवसर मिलता है। 3. सागरमाथा नेशनल पार्क। यहां से हिमालय का दिलचस्प नज़ारा देखने को मिलता है और दुर्लभ पहाड़ी वनस्पतियों को भी देखा जा सकता है। 4. लुम्बिनी गार्डंस, शांत प्राकृतिक साइट है, जिसका गहरा आध्यात्मिक महत्व है। इन स्थलों का भ्रमण करने से एहसास होता है कि नेपाल जैवविविधता, संस्कृति व स्थानीय परम्पराओं का इतनी खूबसूरती से मिश्रण करता है कि अपने आप ही उसके मज़बूत एडवेंचर सेगमेंट की अहमियत बढ़ जाती है।
इसमें कोई दो राय नहीं हैं कि जब विश्व के टॉप एडवेंचर स्थलों का ज़िक्र आता है, तो उनमें नेपाल का आवश्यक रूप से नाम लिया जाता है और इस देश में शांत जंगलों से उतार-चढ़ाव वाले ट्रेल्स में बहुत आसानी से पहुंचा जा सकता है। आपको चाहे पहाड़ों में धीमी यात्रा पसंद हो या आप उच्च-तीव्रता वाले स्पोर्ट्स को प्राथमिकता देते हों, नेपाल के पास हर एक के लिए कुछ न कुछ है। यह गतिविधियां नेपाल के प्राकृतिक लैंडस्केप की वजह से ही मुमकिन हो सकी हैं, जिनका ऊपर उल्लेख किया जा चुका है। जहां तक ट्रेकिंग व हाईकिंग की बात है तो एवेरेस्ट बेस कैंप, अन्नपूर्णा सर्किट व लंगटंग वादी जैसे रूट्स हर पृष्ठभूमि के ट्रेकर्स को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। पर्वतारोहण दोनों नौसिखियों व अनुभवी क्लाइंबर्स के लिए उपलब्ध है। पोखरा में पैराग्लाइडिंग करते हुए मुझे ऊपर आसमान से नीचे झीलों व पहाड़ों का शानदार नज़ारा देखने को मिला। त्रिशूली व भोते कोशी नदियों में राफ्टिंग का अनुभव रोमांचक रहा। हालांकि अपनी इस यात्रा पर मैंने बंजी जंपिंग नहीं की, लेकिन विश्व में जो चंद सबसे ऊंचे बंजी जम्प पॉइंट्स हैं वह नेपाल में हैं।
एडवेंचर व प्रकृति से इतर नेपाल में मैंने गहरा सांस्कृतिक व आध्यात्मिक अनुभव भी किया। भगवान बुद्ध के जन्म स्थान लुम्बिनी में एहसास होता है कि यह सांसारिक मोह माया किस लिए, किसके लिए? और काठमांडू के श्री पशुपतिनाथ मंदिर के बारे में तो मैं अनेक बार बता चुका हूं कि बागमती नदी के तट पर स्थित यह प्राचीन मंदिर भगवान शिव के पशुपति रूप को समर्पित है और महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों में से एक है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर





