आंध्र प्रदेश पटाखा फैक्टरी धमाके में 18 लोग हताहत, छह की हालत गंभीर; रेस्क्यू जारी
काकीनाडा, 28 फरवरी - आंध्र प्रदेश की एक पटाखा फैक्टरी में धमाके के बाद 18 से अधिक लोग हताहत हुए हैं। छह लोगों की हालत गंभीर है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है। धमाके में हताहत होने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शोक जताया है।
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक पटाखा फैक्टरी में धमाके के बाद 18 लोगों के हताहत होने की खबर है। राहत और बचाव कार्य में लगी पुलिस की टीम ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। राज्य की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने बताया कि पटाखा फैक्टरी में धमाके के बाद 18 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। गृह मंत्री के मुताबिक धमाके में गंभीर रूप से घायल कई लोगों को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि धमाके में घायल हुए छह लोगों की हालत गंभीर है।
पटाखा फैक्टरी में धमाके पर राज्य के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया। अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट में नायडू ने लिखा, काकीनाडा जिले के वेतलापलेम गांव में एक पटाखा बनाने वाली यूनिट में हुए धमाके की खबर विचलित करने वाली है। इस हादसे में कई लोगों की जान गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हादसे के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली है और उन्हें पीड़ितों को हरसंभव मदद मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है।

