चिन्ताजनक हैं देश में बढ़ रहे अपराध

हम अक्सर समाचार पत्रों या सोशल मीडिया पर सुनते और देखते रहते हैं कि पंजाब में अपराधों बहुत बढ़ गए हैं। नि:संदेह ऐसे समाचारों से इन्कार नहीं किया जा सकता, लेकिन जिस तरह से इस विषय पर पंजाब को पेश किया जा रहा है, उससे यह प्रतीत होता है कि पंजाब अपराधों या नशे की बहुत बड़ी मंडी बन चुका है। पंजाब के नेताओं के अलावा देश के बड़े नेता भी पंजाब में बढ़ रहे अपराधों को लेकर अपनी चिन्ता व्यक्त करते रहते हैं। यहां अब यह सवाल पैदा होता है कि वह पंजाब जो कभी हमलावरों के खिलाफ हमेशा एक स्तम्भ की तरह खड़ा रहा, जिसने सिकंदर से लेकर ब्रिटिश शासकों तक कभी किसी की बात नहीं मानी, क्या वहां सच में अपराधों का का बोलबाला है? यह सवाल हर पंजाबी विचारक के मन में घर कर गया है और वे समय-समय पर इस संबंध में अपने विचार भी साझा करते रहते हैं।
अगर हम पूरे भारत में हो रहे अपराधों पर दृष्टिपात करें तो यह भली-भांति समझा जा सकता है कि अपराध सिर्फ पंजाब में ही नहीं, बल्कि पूरे देश में हो रहे हैं। गत वर्ष सितम्बर में राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की जारी 2023 की रिपोर्ट के मुताबिक चाहे देश में वर्ष 2022 के मुकाबले 2023 में हत्याओं में 2.8 प्रतिशत, दुष्कर्म में 5.9 प्रतिशत और लूट की घटनाओं में 7.0 प्रतिशत की कमी आई है, लेकिन यह जानकर हैरानी होती है कि देश में कुल मामलों में 7.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी भी हुई है। रिपोर्ट के मुताबिक हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है, जहां वर्ष 2023 के दौरान 3206 हत्या केस दर्ज किए गए, यानी एक महीने में 267 हत्या। इस साल सिक्किम में सबसे कम 12 हत्या के केस सामने आए, यानी एक महीने में एक हत्या। दूसरी ओर पंजाब इस मामले में 10वें स्थान पर है, जहां इसी वर्ष 681 हत्या के केस दर्ज किए गए। अपहरण के मामले में भी उत्तर प्रदेश नंबर एक राज्य है, जहां 16,663 अपहरण के मामले दर्ज हुए, जबकि बिहार में 14,371 और महाराष्ट्र में 13,106 मामले सामने आए। इस मामले में पंजाब में अपहरण के 1,574 केस दर्ज हुए।
यह जानकर बहुत हैरानी होती है कि महिलाओं के खिलाफ हुए अपराधों ने विगत 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 में देश भर में महिलाओं के खिलाफ कुल 4.48 लाख आपराधिक केस दर्ज किए गए। इनमें से 66,381 मामलों के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है जबकि महाराष्ट्र दूसरे (47,101), राजस्थान तीसरे (45,450), पश्चिम बंगाल चौथे (34,691) और मध्य प्रदेश पांचवें (32,342) स्थान पर है। दुष्कर्म की घटनाओं में राजस्थान पहले स्थान पर है, जहां साल 2023 में दुष्कर्म के 5,078 केस दर्ज किए गए, यानी एक दिन में 14 दुष्कर्म के केस जबकि सिक्किम में इसी वर्ष सबसे कम 9 केस दर्ज हुए।
पंजाब में दिन-दहाड़े हो रही लूटपाट की घटनाओं के कारण हम अक्सर चिन्तित रहते हैं और बाहर निकलते समय खास ध्यान रखते हैं ताकि हम ऐसी किसी घटना का शिकार न हों जाएं। हमें लगता है कि पंजाब में ऐसी घटनाएं व्यापक स्तर पर होने लगी हैं। लेकिन उक्त रिपोर्ट से यह स्पष्ट करती है कि लूटपाट का असली गढ़ महाराष्ट्र है, जिसने साल 2023 के दौरान 5,942 लूटपाट की घटनाओं का आंकड़ा छूकर अन्य सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया। सिक्किम इस मामले में भी बाज़ी मार गया, जहां इसी साल लूट-पाट के सिर्फ 2 मामले सामने आए। 
रिपोर्ट के अनुसार हत्या, अपहरण और दहेज हत्या के मामले में उत्तर प्रदेश और बिहार ने देश के सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है। बच्चों के खिलाफ अपराध के सबसे ज़्यादा मामले मध्य प्रदेश में पाए गए हैं। महिलाओं के खिलाफ अत्याचार में उत्तर प्रदेश और बिहार आगे हैं। यह सब जानकर समझा जा सकता है कि अपराधों का बोलबाला देश भर में है, जो चिन्ताजनक है। 
-मो.  88724-71389

#चिन्ताजनक हैं देश में बढ़ रहे अपराध