Himachal Weather: शिमला सहित अन्य भागों में झमाझम बारिश, नाले उफान पर

शिमला, 5 मई - हिमाचल प्रदेश में माैसम लगातार खराब बना हुआ है। कई इलाकों में ओलावृष्टि से किसानों-बागवानों की चिंता बढ़ गई है। मंगलवार दोपहर राजधानी शिमला व कई अन्य भागों में भारी बारिश दर्ज की गई। राजधानी में दोपहर 2:30 के बाद भारी बारिश दर्ज की गई। इससे शहर के नाले उफान पर आ गए। कुछ सड़कों पर भी जलभराव हो गया। 
राजधानी शिमला में भारी बारिश के बाद नालों का पानी सड़कों, पैदल रास्तों पर बहने लगा। कचरे और मलबे से रास्तों पर पैदल चलना मुश्किल हो गया। इससे शहर में जल निकाली व्यवस्था की पोल खुल गई। 
वहीं बीते 24 घंटों के दाैरान धर्मशाला 30.6, कांगड़ा 29.4, गुलेर 21.4, चौपाल 18.0, शिलारू 15.8, सराहन 15.5, पालमपुर 15.4, रोहड़ू 14.0, मंडी 13.4, जोगिंद्रनगर 9.0, कल्पा 7.2, सांगला 6.4 व बरठीं में 5.2 मिलीमीटर बारिश हुई है।

माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 5, 10 और 11 मई को राज्य के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं। 6 और 7 मई को राज्य के अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी होने की संभावना है। 8 और 9 मई को राज्य में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। अगले 4-5 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-10 डिग्री सेल्सियस बढ़ेगा। 

 
#Himachal Weather
# शिमला
# बारिश