सोशल मीडिया का बढ़ता रुझान और युवाओं का भविष्य
आधुनिक तकनीकी युग में सोशल मीडिया युवा पीढ़ी के जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। स्मार्टफोन और सस्ते इंटरनेट डेटा ने डिजिटल दुनिया को घर-घर तक पहुंचा दिया है। विशेषकर युवाओं में फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। ये माध्यम जहां जानकारी, मनोरंजन और संचार का आसान साधन बन गए हैं, वहीं इनका अधिक इस्तेमाल युवाओं के भविष्य के लिए चिंताजनक साबित हो रहा है। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी पढ़ाई करने की बजाय घंटों मोबाइल फोन पर वीडियो देखने, रील बनाने और ऑनलाइन बातचीत में व्यस्त रहते हैं। कई अध्यापकों का कहना है कि विद्यार्थियों की ध्यान केन्द्रित करने की क्षमता कम हो रही है और वे किताबों के बजाय डिजिटल स्क्रीन से जुड़े हुए हैं। इस वजह से उनके परीक्षा के परिणामों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। पढ़ाई में दिलचस्पी कम होने से वे भविष्य में होने वाली प्रतिस्पर्धाओं में पिछड़ सकते हैं, जो समाज के लिए भी चिंता का कारण बन गया है।
मनोवैज्ञानिक रूप से भी सोशल मीडिया के प्रभाव गंभीर होते जा रहे हैं। लाइक्स, कमेंट्स और फॉलोअर्स की होड़ ने युवाओं में तनाव और असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है। यदि किसी पोस्ट पर उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिलती, तो वे स्वयं निराश और नज़रअंदाज़ हुआ महसूस करते हैं। वर्चुअल लोकप्रियता की चाहत कभी बार उन्हें खतरनाक कदम उठाने के लिए भी प्रेरित कर सकती है। विशेषज्ञों के अनुसार डिजिटल प्लेटफॉर्मों पर ज़्यादा समय बिताने से तनाव, चिन्ता और अकेलेपन की समस्या बढ़ रही है। वास्तविक जीवन के रिश्ते और पारिवारिक सम्पर्क कमज़ोर हो रहे हैं, जिसका असर सामाजिक संबंधों पर पड़ रहा है। स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी चिंताजनक हैं। लम्बे समय तक मोबाइल या लैपटॉप की स्क्रीन के सामने बैठने से आंखों पर असर पड़ता है। सिरदर्द, नींद न आना और गर्दन दर्द जैसी बीमारियां बढ़ रही हैं। डॉक्टरों का मानना है कि रात में मोबाइल का इस्तेमाल करने से नींद-चक्र प्रभावित होता है, जिसका असर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य दोनों पर पड़ता है। इसके साथ ही शारीरिक कसरत की कमी से मोटापा और अन्य बीमारियां भी बढ़ रही हैं। युवा खेल के मैदानों से दूर हो रहे हैं, जो उनके स्वास्थ के लिए खतरनाक है। एक और गंभीर मामला गलत जानकारी और अफवाहों का फैलना है। सोशल मीडिया के ज़रिए बिना जांच-परख कर समाचार तुरंत वायरल हो जाते हैं। कई बार युवा सच्चाई की पुष्टि किए बिना जानकारी साझा कर देते हैं, जिससे सामाजिक तनाव भी पैदा हो जाता है। इसके अलावा साइबर अपराध के मामले भी बढ़ रहे हैं।
ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल और डेटा चोरी जैसी घटनाएं युवाओं को आर्थिक और मानसिक नुकसान पहुंचा रही है। डिजिटल सुरक्षा के बारे में जानकारी न होने की वजह से कई युवा ठगों का शिकार हो जाते हैं। हालांकि, सोशल मीडिया के कुछ सकारात्मक पक्ष भी हैं। इसके माध्यम से विद्यार्थी नई जानकारी हासिल कर सकते हैं, ऑनलाइन कोर्स के ज़रिए अपने कौशल को बेहतर बना सकते हैं और अपनी कला को वैश्विक स्तर पेश कर सकते हैं। कई युवाओं ने डिजिटल माध्यम से नौकरी के अवसर भी प्राप्त किए हैं। लेकिन ज़रूरत इस बात की है कि इसका सही और सीमित इस्तेमाल किया जाए। अगर सोशल मीडिया का इस्तेमाल एक समय सीमा और किसी मकसद के साथ किया जाए, तो इसके नुकसान कम हो सकते हैं।
अभिभावकों और अध्यापकों की ज़िम्मेदारी है कि वे बच्चों को समय की कदर और डिजिटल अनुसाशन के बारे में जागरूक करें। घर पर खुला माहौल बनाना चाहिए ताकि बच्चे अपनी समस्याएं साझा कर सकें। स्कूलों में डिजिटल सुरक्षा और मीडिया सावधानी पर वर्कशॉप करवाई जा सकती हैं। सरकार और शिक्षण संस्थानों को भी जागरूक अभियान चलाने की ज़रूरत है। खेलों, सांस्कृतिक समागमों और रचनात्मक गतिविथिं को बढ़ावा देकर युवाओं को सही दिशा में ले जाया जा सकता है।
कहा जा सकता है कि सोशल मीडिया आधुनिक जीवन का एक अटूट हिस्सा है, लेकिन इसका अनियंत्रित इस्तेमाल युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए खतरा बन सकता है। अगर समाज, परिवार और सरकार मिलकर एक संतुलित दृष्टिकोण अपनाएं तो युवाओं को डिजिटल दुनिया के नुकसान से बचाया जा सकता है और उन्हें एक उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
-मो. 98555-75151



