लुधियाना में तेज़ रफ़्तार कार का कहर, नाबालिग ड्राइवर ने कई लोगों को टक्कर मारी
लुधियाना, 20 जून लुधियाना में तेज़ रफ़्तार कार का कहर देखने को मिला, जहाँ एक नाबालिग ड्राइवर की कार ने सड़क पर कई लोगों को टक्कर मार दी। यह भयानक हादसा CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसकी तस्वीरें अब सामने आई हैं।
जानकारी के मुताबिक, मनु नाम का एक व्यक्ति अपनी ज़ेन कार नीला झंडा रोड पर स्थित एक कार वॉशिंग सेंटर पर धुलने के लिए छोड़ गया था। आरोप है कि कार धुलने के बाद सर्विस सेंटर संचालक ने वहाँ मौजूद कुछ नाबालिग लड़कों को कार की चाबी दी और उनसे कार साइड में लगाने को कहा।
चश्मदीदों के मुताबिक, नाबालिग लड़कों ने शुक्रवार देर रात कार सड़क पर निकाली और भीड़भाड़ वाले इलाके में कार की स्पीड करीब 100 kmph कर दी। तेज़ रफ़्तार के कारण ड्राइवर का गाड़ी से कंट्रोल खो गया और कार सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में कार भी बुरी तरह डैमेज हो गई।
घायल साइकिल सवार अजय ने बताया कि वह काम खत्म करके घर लौट रहा था। जैसे ही वह सड़क पार करने लगा, तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह कई फीट दूर जा गिरा, जिससे उसकी कमर और हाथ पर गंभीर चोटें आईं।
वहीं, घायल दुकानदार खुर्शीद आलम ने बताया कि वह अपनी दुकान के बाहर खड़ा था, तभी कार ने पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारी और फिर उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और डॉक्टरों को कई टांके लगाने पड़े। इसके अलावा एक और बाइक सवार भी घायल हुआ है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

