डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- बातचीत चाहता था ईरान, हम तैयार; लेकिन अब युद्धविराम खत्म
वाशिंगटन, डी.सी, 10 जुलाई - अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा दावा किया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान ने अमेरिका से बातचीत जारी रखने की इच्छा जताई थी और हम इसके लिए तैयार हैं। हालांकि उन्होंने साफ कर दिया कि दोनों देशों के बीच लागू युद्धविराम अब खत्म हो चुका है।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ने हमसे बातचीत जारी रखने का अनुरोध किया है। हम इसके लिए सहमत हैं, लेकिन हमने उन्हें साफ शब्दों में बता दिया है कि युद्धविराम अब खत्म हो चुका है। ट्रंप ने इस पोस्ट पर अपने हस्ताक्षर भी किए।
वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का प्रशासन ईरान पर होने वाले अमेरिकी हमलों में इस्राइल को शामिल नहीं करना चाहता है। सीएनएन ने दो इस्राइली सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि अमेरिका को डर है कि अगर इस जंग में इस्राइल सीधे तौर पर कूदता है, तो पूरे क्षेत्र में महायुद्ध छिड़ सकता है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों में अमेरिका और तेहरान के बीच सैन्य टकराव बेहद चरम पर पहुंच गया है। अमेरिका ने ईरान पर होर्मुज से गुजरने वाले कमर्शियल जहाजों पर हमला करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद अमेरिकी सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए ईरान पर कई एयरस्ट्राइक की थीं।

