ताजे पानी की मछली है समुद्री पर्च

समुद्री पर्च एक वास्तविक अस्थिधारी (बोनी) मछली है। इसे अंग्रेजी में सी पर्च कहते हैं। इसका एक नाम सर्फ पर्च भी है। समुद्री पर्च पूरी तरह ताजे पानी की पर्च की तरह होती है। आज से लगभग सौ वर्ष पूर्व तक समुद्री पर्च को एक असामान्य मछली समझा जाता था, क्योंकि यह जीवित बच्चे को जन्म देती है और इसके बच्चे जन्म लेते ही प्रजनन करने लगते हैं। इसी विलक्षण विशेषता के कारण जीव वैज्ञानिकों का ध्यान इसकी ओर आकर्षित हुआ और उन्होंने इसका गहन अध्ययन किया।
समुद्री पर्च की लगभग 25 जातियां हैं। समुद्री पर्च की अधिकांश जातियां उथले सागर तटों पर मिलती हैं, किंतु गुलाबी समुद्री पर्च लगभग 180 मीटर गहरे पानी में रहना अधिक पसंद करती है। यह प्राय: उथले पानी में नहीं आती। समुद्री पर्च की शारीरिक संरचना ताजे पानी की पर्च मछली की तरह होती है। इसकी लंबाई 12 सेंटीमीटर से लेकर 45 सेंटीमीटर तक होती है। कभी-कभी 50 सेंटीमीटर लंबी समुद्री पर्च भी देखने को मिल जाती है, किंतु 50 सेंटीमीटर से अधिक लंबी समुद्री पर्च अभी तक देखने को नहीं मिली। समुद्री पर्च के शरीर का रंग मुख्य रूप से चांदी जैसा रुपहला होता है, किंतु ऊपर और नीचे के रंग में साधारण सा अंतर होता है। समुद्री पर्च की पीठ और ऊपर का भाग गहरे रुपहले रंग का होता है तथा पेट और नीचे का भाग हल्के रुपहले रंग का होता है। 
समुद्री पर्च का शरीर अगल-बगल से चपटा होता है, जिससे यह बड़ी सुंदर दिखाई देती है। इसका मुंह बड़ा होता है एवं होंठ मांसल होते हैं। समुद्री पर्च में नर और मादा की शारीरिक संरचना लगभग एक जैसी होती है, किंतु इनके प्रजनन अंगों में पर्याप्त अंतर होता है। समुद्री पर्च में नर समुद्री पर्च के प्रजनन अंगों की संरचना अन्य नर समुद्री मछलियों से पूरी तरह भिन्न होती है। नर समुद्री पर्च के नितम्ब के मीनपंख के आगे के सिरे पर एक विशिष्ट प्रकार का प्रजनन अंग होता है, जिससे यह मादा समुद्री पर्च के शरीर में शुक्राणु डालता है। समुद्री पर्च की अधिकांश जातियों में नर समुद्री पर्च मादा से बड़ा होता है, किंतु इसकी कुछ जातियां ऐसी भी हैं, जिनमें नर का आकार मादा से छोटा होता है।
समुद्री पर्च का समागम और प्रजनन काल गर्मियों के आरंभ से ही शुरू हो जाता है और पूरी गर्मियों भर चलता है। इस काल में नर और मादा दोनों के शरीर में अनेक महत्त्वपूर्ण परिवर्तन होते हैं, जिनकी सहायता से इन्हें अलग-अलग पहचाना जा सकता है। नर के शरीर का रंग सर्दियों में कुछ गहरा हो जाता है, किंतु समागम काल में यह हल्के रंग का हो जाता है। समागम काल में मादा का शरीर कुछ फूल जाता है और यह अधिक मांसल दिखाई देने लगती है। समुद्री पर्च के समागम एवं प्रजनन की एक प्रमुख विषेषता यह है कि इसकी अधिकांश जातियों में आंतरिक समागम और आंतरिक निषेचन पाया जाता है। मादा समुद्री पर्च का गर्भकाल एक वर्ष होता है अर्थात् अगली गर्मियों में मादा जीवित बच्चों को जन्म देती है। मादा समुद्री पर्च के प्रजनन अंगों की संरचना और इनकी कार्य प्रणाली अन्य समुद्री मछलियों से पूरी तरह भिन्न होती है। मादा समुद्री पर्च का एक विलक्षण गुण यह है कि इसके अंडे जब तक निषेचित नहीं हो जाते, तब तक इसके अंडाशय में ही रहते हैं, जबकि बच्चे देने वाली अधिकांश मछलियों के अंडे निषेचित होने के पहले डिम्बवाहिनी में पहुंच जाते हैं। मादा समुद्री पर्च की प्रजनन संबंधी एक अन्य विशेषता यह है कि इसके शरीर में नर के शुक्राणु पहुंचने के बाद भी इसके अंडे निषेचित नहीं होते। मादा समुद्री पर्च के शरीर में ऐसी व्यवस्था होती है कि इस काल में नर के शुक्त्राणु सुप्त अवस्था में निष्क्रिय पड़े रहते हैं। मादा समुद्री पर्च के अंडों का निषेचन वसंत के बाद, मादा के शरीर के भीतर ही होता है तथा यहीं पर अंडे परिपक्व होते हैं। इसके अंडे शरीर के भीतर ही फूटते हैं, अर्थात् यह जीवित बच्चों को जन्म देती है। समुद्री पर्च के बच्चों का पूरा विकास मादा के शरीर के भीतर ही होता है। इसके बच्चों की संख्या मादा की जाति और उसके शरीर के आकार पर निर्भर करती है। मादा समुद्री पर्च 3 से लेकर 80 बच्चों को जन्म दे सकती है। ये जन्म लेने के मात्र दो दिन के भीतर ही समागम आरंभ कर देते हैं। इनमें नर तो जन्म लेते ही समागम के योग्य हो जाता है तथा मादा भी बहुत जल्दी ही समागम के योग्य हो जाती है। मादा समुद्री पर्च तेज लहरों के बीच बच्चों को जन्म देती है तथा इसके बच्चे तेज लहरों के मध्य समागम करते हैं, अत: ये अपने शत्रुओं से पूर्णतया बचे रहते हैं। इसके शत्रु प्राय: तेज लहरों वाले सागर में नहीं मिलते।
समुद्री पर्च का उपयोग एक लंब्रे समय से भोजन के रूप में किया जा रहा है। बड़े आकार की समुद्री पर्च व्यावसायिक स्तर पर पकड़ी जाती है। केवल संयुक्त राज्य अमरीका में प्रति वर्ष 150 टन समुद्री पर्च पकड़ी जाती है और भोजन के रूप में उपयोग में लाई जाती है। जापान और कोरिया में भी समुद्री पर्च को व्यावसायिक स्तर पर पकड़ा जाता है और डिब्बा बंद कर के विदेशों को भेजा जाता है।
-इमेज रिफ्लेक्शन सेंटर 

#ताजे पानी की मछली है समुद्री पर्च